शिक्षक संघ की पहल पर प्रधानाचार्य भर्ती के अभ्यर्थियों को राहत

    शिक्षक संघ की पहल पर प्रधानाचार्य भर्ती के अभ्यर्थियों को राहत
– अनुभव प्रमाण पत्र की पेचीदगी पर शिक्षा सेवा चयन आयोग का फैसला
– अब आवेदन के लिए नहीं करना होगा प्रतिहस्ताक्षर का इंतजार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक भर्ती के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों को अनुभव प्रमाण पत्र की जटिल प्रक्रिया से बड़ी राहत मिली है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की पहल पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विशेष विज्ञप्ति जारी कर आवेदन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण छूट दे दी है। अब सक्षम अधिकारी से अनुमोदित व प्रतिहस्ताक्षरित अनुभव प्रमाण पत्र मिलने में देरी होने पर भी अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप के आधार पर अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। आयोग के इस फैसले को शिक्षक संघ की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

दरअसल प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक भर्ती में आवेदन के दौरान अनुभव प्रमाण पत्र पर सक्षम अधिकारी के अनुमोदन व प्रतिहस्ताक्षर की अनिवार्यता के चलते अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए संघ के जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ल के नेतृत्व में एक नवंबर को जिला मंत्री अमित कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष बलराम, आय-व्यय निरीक्षक देवी प्रसाद, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमल सिंह चौहान एवं अतुल सिंह यादव ने मुख्यमंत्री, माध्यमिक शिक्षा मंत्री व उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष व सचिव को पत्र भेजकर प्रक्रिया सरल बनाने की मांग उठाई थी। संघ की मांग पर संज्ञान लेते हुए आयोग ने विज्ञप्ति संख्या 3294/41(2026)/परीक्षा/2026-27 जारी कर विज्ञापन संख्या 08/2026 एवं 09/2026 के अभ्यर्थियों को राहत प्रदान की है। नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवश्यक सूचनाएं भरकर स्वयं व संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर से आवेदन जमा कर सकते हैं। हालांकि, साक्षात्कार व अभिलेख सत्यापन के समय सक्षम अधिकारी से अनुमोदित एवं प्रतिहस्ताक्षरित अनुभव प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने पर अभ्यर्थन निरस्त किया जा सकता है। जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ल ने कहा कि शिक्षक साथियों की समस्याओं को शासन व आयोग तक पहुंचाना तथा उनके अधिकारों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है।
———————————— ——-
 चावल के लेन-देन को लेकर मारपीट, दी तहरीर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। अमांव गांव की रहने वाली शाजिया बानो ने खागा कोतवाली में तहरीर देकर गांव के ही कई लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, शाजिया की बड़ी बहन की शादी में गांव के सत्तार ने एक कुंतल चावल दिया था। आरोप है कि उसी चावल को वापस मांगने को लेकर बीते दो नवंबर की दोपहर सत्तार ने रास्ते में शाजिया के पिता को गालियां दी। पिता के मना करने पर सत्तार, कुट्टू व दिलशाद ने मिलकर पिता के साथ मारपीट की। मौके पर पहुंचे गांव वालों ने बीच-बचाव कर पिता को बचाया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद से आरोपी लगातार उसके घर आकर उसे, उसके पिता मकसूद अहमद व बहन शालिया बानो को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। बुधवार को सुबह सत्तार, कुट्टू, दिलशाद, मोहम्मद पुत्र शाह मोहम्मद, मुन्ना, सोनू व नौशाद समेत कई लोग फिर घर आए और मारपीट की। आरोप है कि धमकी दी गई कि अगर पुलिस में शिकायत की तो जान से मार डालेंगे। पीड़िता ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *