जिले का 200 वां स्थापना दिवस विकास का संकल्प दिवस बने: प्रवीण
जिले का 200 वां स्थापना दिवस विकास का संकल्प दिवस बने: प्रवीण
जिले का 200 वां स्थापना दिवस विकास का संकल्प दिवस बने: प्रवीण – धरोहर संरक्षण, जलस्रोतों के पुनर्जीवन से जिले के समग्र विकास की उठाई मांग
फोटो परिचय- बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केन्द्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। जनपद के 200 वें स्थापना दिवस को गौरव, संस्कृति, धरोहर एवं जल संरक्षण के जनभागीदारी महोत्सव के रूप में मनाए जाने की मांग उठी है। इस संबंध में बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि जिले का 200 वां स्थापना दिवस केवल औपचारिक समारोह तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जिले की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण, सांस्कृतिक पुनर्जागरण व समग्र विकास के संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाए। ज्ञापन में मांग की गई कि दस नवंबर को विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से जिला प्रशासन गरिमामय आयोजन कराए। साथ ही जिले के ऐतिहासिक स्थलों, प्राचीन मंदिरों, शहीद स्मारकों, कुओं एवं सरोवरों की सूची तैयार कर उनके संरक्षण और पुनरुद्धार की कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने जनपद के तालाबों, कुओं, झीलों एवं नदियों का राजस्व अभिलेखों के आधार पर सत्यापन कराने, जलस्रोतों से अतिक्रमण हटाने तथा उनकी सफाई एवं पुनर्जीवन के लिए विशेष अभियान चलाने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त स्थापना दिवस पर एक दीपक जलस्रोतों एवं धरोहरों के नाम अभियान चलाकर नागरिकों को अपनी विरासत के संरक्षण से जोड़ने का प्रस्ताव रखा। ज्ञापन में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, चित्रकला, भाषण, लोकगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण और जल संरक्षण के क्षेत्र में विकास के लिए दीर्घकालीन कार्ययोजना तैयार करने की मांग भी शामिल है।