कालपी बार एसोसिएशन अध्यक्ष की हत्या से अधिवक्ता आक्रोशित
कालपी बार एसोसिएशन अध्यक्ष की हत्या से अधिवक्ता आक्रोशित
कालपी बार एसोसिएशन अध्यक्ष की हत्या से अधिवक्ता आक्रोशित – सीएम को भेजा ज्ञापन, परिजनों को एक करोड़ रुपए मुआवजा व एक सदस्य को नौकरी देने की मांग
फोटो परिचय- कलेक्ट्रेट मंे ज्ञापन देने के लिए खड़े बार एसोसिएशन के पदाधिकारी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद जालौन की कालपी तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की 31 अक्टूबर को हुई हत्या के विरोध में अधिवक्ता समाज में आक्रोश व्याप्त है। घटना को लेकर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने महामंत्री अनुराग नारायण मिश्रा की अगुवाई में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने दिवंगत अधिवक्ता की हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने कहा कि एक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की इस प्रकार हत्या किया जाना बेहद चिंताजनक है। इस घटना से प्रदेशभर का अधिवक्ता समाज व्यथित और आक्रोशित है। अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ज्ञापन में प्रमुख रूप से चार मांगें रखी गईं। इनमें दिवंगत अधिवक्ता की हत्या का जल्द से जल्द पर्दाफाश कर घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने, उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग शामिल रही। इसके साथ ही प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम शीघ्र लागू किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। अधिवक्ताओं का कहना है कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं और उन्हें निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा मिलनी चाहिए। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की। इस मौके पर अधिवक्ताओं में मणि प्रकाश दुबे, गनेश, धनंजय सिंह यादव, सुशील मिश्र, हंसराज सिंह, सतीश शर्मा सहित तमाम अधिवक्ता शामिल रहे।