दीपावली से पहले प्रशासन अलर्ट, आतिशबाजी दुकानों का किया निरीक्षण

  दीपावली से पहले प्रशासन अलर्ट, आतिशबाजी दुकानों का किया निरीक्षण
– अस्थायी दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन करने के निर्देश
फोटो परिचय-अस्थाई दुकानों के स्थल का निरीक्षण करती प्रशासनिक टीम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में आतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए बुधवार को जिला प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित अस्थायी आतिशबाजी दुकान परिसरों सहित स्थायी दुकानों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों की जांच करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों और आतिशबाजी कारोबारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बुधवार को एसडीएम सदर पिनांक पाणि द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी दुर्गेश कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी जसवीर सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रविंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से मोदी ग्राउंड राधानगर, एमजी कॉलेज शांतीनगर में प्रस्तावित अस्थायी आतिशबाजी दुकानों के परिसरों तथा स्थायी आतिशबाजी दुकानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आतिशबाजी बिक्री स्थलों पर अग्नि सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया। अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि अस्थायी आतिशबाजी दुकानों के परिसरों को अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार कराया जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके। वहीं आतिशबाजी कारोबारियों को अग्नि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, आवश्यक अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने तथा आपात स्थिति में फायर उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कारोबारियों को जागरूक करते हुए कहा कि आतिशबाजी की बिक्री के दौरान सुरक्षा नियमों का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों की अवहेलना करने अथवा सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी संबंधित लोगों से नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *