उत्तम उद्योग व्यापार मंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन,क्रियान्वयन की उठाई मांग

 यूज बाई डेट नियमों के व्यावहारिक क्रियान्वयन की उठाई मांग
– उत्तम उद्योग व्यापार मंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
फोटो परिचय-  डीएम को ज्ञापन देने के लिए खड़े उत्तम उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने मिठाई कारोबारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मिठाई की दुकानों पर यूज बाई डेट (उपयोग की अंतिम तिथि) प्रदर्शित करने संबंधी नियमों के व्यावहारिक एवं निष्पक्ष क्रियान्वयन की मांग की गई।

उत्तम उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी की अगुवई में पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर बताया कि खाद्य सुरक्षा के नियमों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है, जिसका संगठन पूरी तरह समर्थन करता है, लेकिन नियमों को लागू करते समय मिठाई कारोबार की व्यावहारिक परिस्थितियों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। संगठन ने यह भी मांग उठाई कि मिठाइयों की प्रकृति के अनुसार वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक शेल्फ लाइफ निर्धारित की जाए। छोटे और मध्यम मिठाई कारोबारियों को प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और यूज बाई डेट प्रदर्शित करने के लिए सरल प्रारूप उपलब्ध कराया जाए। किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से पहले व्यापारी को अपना पक्ष रखने और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत करने का उचित अवसर दिया जाए।

केवल मौखिक शिकायत के आधार पर पुलिस हस्तक्षेप, छापेमारी या प्रतिष्ठान की सार्वजनिक बदनामी से बचा जाए। व्यापार मंडल ने जिला स्तर पर खाद्य सुरक्षा विभाग व व्यापार मंडल की संयुक्त बैठक आयोजित कर समस्याओं का समाधान करने की मांग भी की। संगठन का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ ईमानदार व्यापारियों की प्रतिष्ठा, आजीविका और सम्मान की रक्षा भी जरूरी है। ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से इस मामले में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर व्यावहारिक समस्याओं का समाधान कराने की अपील की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष मनोज कुमार साहू, जिला कोषाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, जिला महामंत्री जय किशन, सौरभ गुप्ता, सलामत अली, इसराइल, अनिल महाराज, संदीप श्रीवास्तव, गोविंद सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *