नवी मुंबई में घर के बाहर दो युवतियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दोनों गंभीर घायल; मुख्य आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

नवी मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित कोपरखैरणे इलाके में गुरुवार रात दो युवतियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की घटना सामने आई। इस हमले में दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अर्जुन चव्हाण (22) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी राकेश चव्हाण फरार है।

घर के बाहर खड़ी थीं दोनों सहेलियां

जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे कोपरखैरणे सेक्टर-1 के एसएस-3 इलाके में हुई। एक घर के बाहर दो युवतियां खड़ी थीं, तभी आरोपियों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोलीबारी में एक युवती के कान के पास गोली लगी, जबकि दूसरी युवती की पीठ में गोली लगी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दोनों युवतियां घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

अस्पताल में चल रहा इलाज

गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवतियों को वाशी स्थित नवी मुंबई महानगरपालिका अस्पताल पहुंचाया। वहां दोनों का उपचार शुरू किया गया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

घटना की सूचना मिलते ही कोपरखैरणे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन चव्हाण (22) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसका कथित साथी राकेश चव्हाण घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

परिवार के सदस्य ने बताई घटना

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, पीड़ित युवतियों के भाई ने बताया कि घटना के समय उनके पिता और वह घर से बाहर गए हुए थे। घर में उनकी मां और दोनों बहनें मौजूद थीं। इसी दौरान एक युवक आया, उसने दोनों बहनों पर गोली चलाई और मौके से फरार हो गया। भाई ने यह भी बताया कि गोली चलाने वाला युवक उनके घर के ठीक पीछे रहता है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *