ईसीआई नेट संचालन को लेकर कार्यशाला, डीएम ने दिए निर्देश

ईसीआई नेट संचालन को लेकर कार्यशाला, डीएम ने दिए निर्देश
– मतदाता सूची में 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर
फोटो परिचय- कार्यशाला में भाग लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में ईसीआई नेट के संचालन को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और पोर्टल के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई।

उपजिलाधिकारी सदर पिनांक पाणी द्विवेदी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से ईसीआई नेट पर लॉगिन करने की प्रक्रिया के साथ फॉर्म-6, 7 एवं 8 के निस्तारण की जानकारी दी। उन्होंने बीएलओ द्वारा अग्रसारित किए गए आवेदनों की जांच और उनके सत्यापन की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के साथ नो मैपिंग डाटा का सही सूची से मिलान किया जाए। संबंधित बीएलओ ऐसे मतदाताओं से संपर्क कर उनका फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने अब तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में भरे गए फॉर्म-6 की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), समस्त एआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजर, बीएलओ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *