तुर्किए के तीन गांवों में बंदूकधारी का खूनी हमला, आठ लोगों की मौत; एक गंभीर रूप से घायल

इस्तांबुल। तुर्किए के पश्चिमी ग्रामीण इलाके में गुरुवार (5 नवंबर) को गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह वारदात अफ्योनकराहिसार प्रांत के तीन गांवों में हुई। घटना के बाद पुलिस ने हमलावर की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया।

अफ्योनकराहिसार के गवर्नर कार्यालय ने बयान जारी कर बताया कि प्रांत में हुए सशस्त्र हमलों में आठ नागरिकों की जान चली गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। गोलीबारी की घटनाएं राजधानी अंकारा और तटीय शहर इज्मीर के बीच स्थित अफ्योनकराहिसार के ग्रामीण क्षेत्र में हुईं।

तीन गांवों में मिले आठ लोगों के शव

समाचार एजेंसी अनादोलू के मुताबिक, युकारितांदिर गांव की सड़क पर गोली लगने से घायल दो महिलाएं मिलीं। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। इसके अलावा कियिर गांव में तीन और आयाजिनी गांव में तीन लोगों के शव बरामद किए गए। एक अन्य व्यक्ति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

सीसीटीवी में राइफल लेकर दिखाई दिया संदिग्ध

तुर्किए के मीडिया में प्रसारित सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति काले रंग की जैकेट, सफेद पतलून और चश्मा पहने दिखाई दिया। उसके हाथ में राइफल थी और वह लाल रंग की मिनीवैन के पास खड़ा नजर आया।

पुलिस को बाद में लाल रंग की यह गाड़ी एस्कीशेहिर शहर के बाहरी इलाके में कीचड़ में फंसी मिली। बताया गया कि संदिग्ध वाहन छोड़कर पैदल ही फरार हो गया था। एस्कीशेहिर घटनास्थल से करीब 100 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।

पहले हुई गोलीबारी से भी जोड़कर जांच

डीएचए समाचार एजेंसी के अनुसार, जांचकर्ता अफ्योनकराहिसार शहर के केंद्र में पहले हुई एक अन्य घटना से भी इस गोलीबारी का संबंध तलाश रहे हैं। उस घटना में एक महिला को कार के भीतर गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।

पुलिस संदिग्ध हमलावर को पकड़ने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चला रही है। अधिकारियों ने फिलहाल हमलों के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *