आजाद बनेगें मुख्यमंत्री,फतेहपुर की सियासत में हलचल नए समीकरणों को चुनौती

 ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन से फतेहपुर की सियासत में हलचल, छह सीटों पर नए समीकरणों की चर्चा शुरू

– मुस्लिम और एससी मतदाताओं पर रहेगी नजर, सपा के पीडीए समीकरण को मिल सकती है चुनौती

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ऑल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लेमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख सांसद असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। गुरुवार को लखनऊ में दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया। मोर्चे ने प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने और चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने का ऐलान किया है।

इस गठबंधन का असर फतेहपुर की सभी छह विधानसभा सीटों जहानाबाद, बिंदकी, सदर, अयाह शाह, हुसैनगंज और खागा (सुरक्षित) पर भी पड़ सकता है। जिले में मुस्लिम और अनुसूचित जाति के मतदाताओं की भूमिका कई सीटों पर महत्वपूर्ण है। ऐसे में दोनों दलों का साथ आना सपा के पीडीए समीकरण के सामने नया विकल्प बन सकता है। हालांकि, विपक्षी मतों के बंटवारे से भाजपा को संभावित लाभ मिलने की चर्चा भी है। गठबंधन की घोषणा के बाद ओवैसी ने किसानों, कमजोर वर्गों के अधिकार और राजनीतिक भागीदारी को प्रमुख मुद्दा बताया, जबकि चंद्रशेखर आजाद ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता देने की बात कही। वहीं फतेहपुर में गठबंधन की चर्चा भी शुरू हो गयी है और रही बात सफलता की तो ये दोनों दलों के संगठन, प्रत्याशियों के चयन और मतदाताओं के समर्थन पर निर्भर करेगी।

गठबंधन के पदाधिकारियों ने क्या कहा

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन से जनपद की सभी छः विधानसभा सीटों पर दलित – मुस्लिम (डीएम फैक्टर) समाज के लोग बढ़ – चढ़कर अपने प्रत्याशी को जिताने का काम करेंगे, चूँकि गठबंधन ने तय किया है कि प्रदेश की सभी सीटों पर प्रत्याशी लड़ाया जाएगा और दलित नेता चंद्रशेखर आजाद को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बनाया जाएगा जिससे सामाजिक न्याय और संविधानिक तरीके से प्रदेश को चलाया जा सकेगा।

 एडवोकेट मोहीउद्दीन (जिलाध्यक्ष – एआईएमआईएम)

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का गठन बहुजन, दलित और अल्पसंख्यक समाज की राजनीतिक भागीदारी मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। हमारे नेता सांसद चंद्रशेखर आजाद और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व में गठबंधन 2027 में मजबूत विकल्प बनेगा। पार्टी कार्यकर्ता इसकी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे और जनपद की सभी सीटों पर जीत दर्ज करने का प्रयास किया जाएगा। – संजय कुमार वर्मा (जिलाध्यक्ष — आजाद समाज पार्टी (कांशीराम)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *