हिट एंड रन मामले में पुलिस ने मांगी जनता से मदद, मिलेगा 25 हजार का इनाम

    हिट एंड रन मामले में पुलिस ने मांगी जनता से मदद
– चालक की पहचान पर मिलेगा 25 हजार का इनाम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के खलीलनगर मोड़ पर बाइक सवार को टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात चार पहिया वाहन व उसके चालक की तलाश में पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने वाहन व चालक के संबंध में सटीक एवं महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बीती नौ सितंबर की रात करीब 8.30 से 9.15 बजे के बीच अंकित कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी जयरामनगर थाना राधानगर बाइक से सदर चौराहे से पत्थरकटा की ओर जा रहे थे। तभी खलीलनगर मोड़ के पास अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान सात अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा संख्या 0458/26 धारा 281, 125ए और 125बी बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान धारा 106(1) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है। पुलिस ने घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें संदिग्ध वाहन का रंग नीला, काला अथवा नीलापन लिए काला दिखाई दे रहा है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध वाहन या उसके चालक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह क्षेत्राधिकारी नगर के मोबाइल नंबर 9454401286 अथवा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के मोबाइल नंबर 9454403347 पर सूचना दे सकता है। सटीक जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
———————————— —–

   अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आज
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के तहत आयरन फैब्रिकेशन ट्रेड में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार कल (आज) आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार सुबह 10.30 बजे जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के कार्यालय में होगा। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने वाले सभी पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर अपने ट्रेड से संबंधित समस्त मूल अभिलेखों एवं आवश्यक प्रपत्रों के साथ उपस्थित होकर साक्षात्कार में शामिल हों।
———————————- —–
 छात्रवृत्ति आवेदन की संशोधित समय सारणी जारी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) व दशमोत्तर (कक्षा 11-12 एवं उच्चतर कक्षाएं) छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की संशोधित समय सारणी जारी कर दी गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शिवेन्द्र कुमार ने बताया कि नवीन एवं नवीनीकरण श्रेणी के छात्र-छात्राओं के आवेदन के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि नवीनीकरण श्रेणी के छात्र-छात्राएं 12 से 20 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर उसकी हार्डकॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा कर सकेंगे। वहीं नवीन (फ्रेश) श्रेणी के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 नवंबर निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन की हार्डकॉपी सभी आवश्यक संलग्नकों सहित विद्यालय में 19 से 22 नवंबर तक जमा करनी होगी। विद्यालयों द्वारा छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन पत्रों और संलग्न अभिलेखों का मिलान कर पात्र एवं अपात्र छात्रों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद पात्र छात्रों के आवेदन बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के साथ ऑनलाइन सत्यापित एवं अग्रसारित किए जाएंगे। यह प्रक्रिया 13 से 23 नवंबर तक पूरी की जाएगी। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने कक्षा 9 से 12 तक के सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं से अपील की है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर उसकी हार्डकॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित विद्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करें, ताकि छात्रवृत्ति आवेदन का सत्यापन समय से हो सके।
————————————- 
गुरसंडी में रोजगार मेला आज, कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित यह मेला सुबह 10 बजे से पंडित सूर्यपाल रमाशंकर राममूरत पाण्डेय निष्पक्ष देव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गुरसंडी, खागा में लगेगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी की अनुमति से आयोजित रोजगार मेले में प्रदेश एवं जनपद स्तर की 10 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनमें आरए एसोसिएट्स, अडानी सोलर, वोडाफोन, जेएमएल मैनपावर सर्विसेज, जयशक्ति बायोटेक, राक्सा सिक्योरिटी, भारतीय जीवन बीमा निगम, प्राइम कनेक्ट सर्विसेज और ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक हर्बल्स एंड आयुर्वेदिक सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं। कंपनियों द्वारा जनपद के युवाओं का साक्षात्कार लेकर निजी क्षेत्र में रोजगार के लिए चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण एवं रोजगार मेले से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय के दूरभाष नंबर 05180-298602 पर संपर्क कर सकते हैं।
————————————-  
   महर्षि में जनपद स्तरीय युवा उत्सव आज
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने व उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कल (आज) जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से यह आयोजन महर्षि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में होगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी ने बताया कि महानिदेशक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित युवा उत्सव में पांच विधाओं की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इनमें लोकगीत समूह, लोकनृत्य समूह, कविता लेखन, पेंटिंग और नुक्कड़ नाटक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
———————————– —-
आईटीआई में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेला 16 को
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। युवाओं को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सोलह नवंबर को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में जनपद के साथ ही अन्य राज्यों के प्रतिष्ठान भी प्रतिभाग करेंगे।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य ने बताया कि निदेशक प्रशिक्षण निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जनपद के समस्त राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से उत्तीर्ण प्रशिक्षार्थियों के साथ ही डिप्लोमा और हाईस्कूल उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी प्रतिभाग कर सकते हैं। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थी मेले में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं और शिक्षुता प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के अवसर प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *