खुदी सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो जल सारथी ऐप पर करें शिकायत

   खुदी सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो जल सारथी ऐप पर करें शिकायत
– फोटो-वीडियो अपलोड करते ही जिम्मेदारों तक पहुंचेगी सूचना
फोटो परिचय-  खुदी सड़क को दुरूस्त करते कर्मचारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गांवों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है तो अब ग्रामीणों को अधिकारियों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सड़क की बदहाल स्थिति की फोटो व वीडियो बनाकर जल सारथी ऐप पर अपलोड करते हुए शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी जांच कर सड़क की पुनर्स्थापना की कार्रवाई करेंगे।

जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब 5004 किलोमीटर सड़कें खोदी गई थीं। इनमें से अब तक 4920 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कराई जा चुकी है, जबकि शेष सड़कों को दुरुस्त कराने की कार्रवाई जारी है। पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क को पूर्व की स्थिति में बहाल करना संबंधित कार्यदायी एजेंसियों की जिम्मेदारी है। सड़क पुनर्स्थापना कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही स्पष्ट किया गया है कि मरम्मत में मानकों की अनदेखी या लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के साथ जिम्मेदार अभियंता की जवाबदेही भी तय होगी। गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिशासी अभियंता अनुराग गौतम ने बताया कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो सकी है, वहां लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। योजनाओं को समय से पूरा कराने के साथ पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके गांव में सड़क खोदने के बाद मरम्मत नहीं हुई है तो जल सारथी ऐप पर फोटो और वीडियो के साथ शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समस्या का समाधान कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *