आउटसोर्स सफाई कर्मियों की समस्याओं को लेकर गरिमा फाउंडेशन ने की बैठक

 आउटसोर्स सफाई कर्मियों की समस्याओं को लेकर गरिमा फाउंडेशन ने की बैठक
– पीएफ, वेतन पर्ची, साप्ताहिक अवकाश व कर्मचारियों के सम्मान का उठा मुद्दा
फोटो परिचय-  बैठक को संबोधित करते धीरज कुमार।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सफाई कर्मी गरिमा फाउंडेशन के तत्वावधान में नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण को लेकर विजय बख्शी के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि कानपुर से आए देव कबीर रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व सफाई नायक किशोरी ने की। संचालन एवं संयोजन पूर्व सभासद धीरज कुमार ने किया।

मुख्य अतिथि देव कबीर ने कहा कि सफाई कर्मचारी वर्षों से कठिन परिस्थितियों में पूरी ईमानदारी और कर्मठता से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उपेक्षा, शोषण व अपमान का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कर्मचारियों से गरिमापूर्ण जीवन और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की। सामाजिक कार्यकर्ता धीरज कुमार ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था को कर्मचारियों के शोषण का माध्यम बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग उठाई। वहीं कर्मचारी राजू ने वेतन पर्ची जारी करने व बकाया पीएफ जमा कर उसका लेखा-जोखा उपलब्ध कराने की मांग की। केशव ने साप्ताहिक अवकाश, संजय ने शासन द्वारा निर्धारित अवकाश देने और कर्मचारियों को बिना वजह परेशान न करने की बात कही।

मालती बाल्मीकि ने स्वच्छकार समाज के परिवारों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा आरटीई योजना का लाभ उठाने की अपील की। प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि अधिकारों की लड़ाई में एकजुटता जरूरी है। विजय बख्शी ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था में कर्मचारियों के हो रहे शोषण पर चिंता जताई, जबकि कवि बाबूराम बादल ने अपनी कविताओं के माध्यम से स्वच्छकार समाज की पीड़ा को व्यक्त किया। बैठक में देव कबीर, कुंवरजीत, चमन बिरहा, धीरज कुमार, विजय कुमार बख्शी, बाबूराम बादल, अरुण कुमार, संजय बख्शी, अभिषेक, हरिकिशन, संदीप कुमार, राजू, प्रकाश आंबेडकर, मालती बाल्मीकि, नीरज कुमार, आशीष बैरीशाल, मनीष कुमार, आशुतोष कुमार, राजेंद्र कुमार, राम सजीवन, राहुल, मनजीत और सुरजीत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *