नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 17 और 18 नवंबर को प्रस्तावित मनीला यात्रा भारत और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी आसियान सम्मेलन के दौरान सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन मुलाकातों में रक्षा सहयोग प्रमुख मुद्दा रहेगा। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह 13वीं बार होगा, जब मोदी आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
भारत और आसियान वर्ष 2026 को समुद्री क्षेत्र में सहयोग के वर्ष के रूप में मना रहे हैं। मनीला में होने वाली बैठक के दौरान इस पहल की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। आसियान देशों के साथ रक्षा संबंधों को मजबूत करना भारत की एक्ट ईस्ट नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। फिलीपींस और इंडोनेशिया के साथ इस दिशा में विभिन्न स्तरों पर बातचीत जारी है।
फिलीपींस के साथ ब्रह्मोस मिसाइल सौदे पर आगे बढ़ेगी बातचीत
भारत और फिलीपींस के बीच ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की आपूर्ति को लेकर चर्चा आगे बढ़ रही है। वर्ष 2022 में फिलीपींस ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने वाला पहला विदेशी देश बना था। उस समय करीब 37.50 करोड़ डॉलर का समझौता हुआ था, जिसके तहत मिसाइल बैटरियों की आपूर्ति की जा चुकी है।
अब फिलीपींस अतिरिक्त ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम खरीदने के लिए बातचीत के अंतिम चरण में है। सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित सौदा करीब 80 करोड़ डॉलर तक का हो सकता है। इसमें लगभग पांच मिसाइल सिस्टम और 60 मिसाइलें शामिल होने की संभावना है। दक्षिण चीन सागर में बढ़ते तनाव के बीच फिलीपींस अपनी तटीय रक्षा क्षमताओं को मजबूत करना चाहता है।
इंडोनेशिया और वियतनाम के साथ भी रक्षा समझौते
भारत और इंडोनेशिया के बीच जुलाई 2026 में ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइलों से जुड़े समझौते हुए हैं। वहीं, वियतनाम के साथ भी ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर समझौता हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी की इन देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ होने वाली मुलाकातों में रक्षा उपकरणों की आपूर्ति से जुड़े विषयों की समीक्षा की जाएगी।
भारत अन्य आसियान देशों के साथ भी रक्षा उपकरणों की आपूर्ति, सैन्य प्रशिक्षण और संयुक्त सैन्य अभ्यास के माध्यम से संबंधों को मजबूत कर रहा है। समुद्री सुरक्षा और रक्षा क्षमताओं के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। क्षेत्रीय देशों के साथ सैन्य अभ्यासों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।
समुद्री सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी पर भी होगी चर्चा
अक्टूबर 2025 में मलेशिया में आयोजित 22वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में रक्षा और समुद्री सुरक्षा को विशेष महत्व दिया गया था। उस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग का वर्ष घोषित किया था। साथ ही दूसरी आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की बैठक और दूसरे समुद्री सैन्य अभ्यास का प्रस्ताव भी रखा था।
इसी महीने कुआलालंपुर में आयोजित आसियान रक्षा मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की भूमिका को स्थिरता का मजबूत आधार बताया था। आसियान देशों ने भारत की स्वदेशी रक्षा उद्योग क्षमता और नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की सराहना की थी।
मनीला यात्रा के दौरान भारत और आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा होगी। इसके अलावा समुद्री सुरक्षा, प्राकृतिक आपदाओं से निपटने, डिजिटल बदलाव, संपर्क सुविधाओं और रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
