भारत को सेमीकंडक्टर निर्माण की मशीनरी खुद विकसित करनी होगी, अश्विनी वैष्णव बोले- रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र को मिलेगा सीधा फायदा

बेंगलुरु। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को जोर देते हुए कहा कि भारत को सेमीकंडक्टर के उत्पादन के लिए जरूरी उन्नत मशीनरी और उच्च परिशुद्धता वाले उपकरणों का निर्माण स्वयं करना होगा। केंद्र सरकार इस क्षेत्र में मजबूत घरेलू व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु स्थित इथीरियल मशीन्स की इकाई के दौरे के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश में एक मजबूत सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तैयार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि देश में इन क्षमताओं का विकास होने से विनिर्माण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आयात पर निर्भरता कम होगी। सेमीकंडक्टर उत्पादन के लिए आवश्यक मशीनरी और उच्च-सटीकता वाले उपकरणों का घरेलू स्तर पर निर्माण करना आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

वैष्णव ने बताया कि इथीरियल मशीन्स की इकाई उन्नत मशीनरी और उच्च परिशुद्धता वाले उपकरणों का उत्पादन करके इस दिशा में अहम भूमिका निभा रही है।

उल्लेखनीय है कि बेंगलुरु स्थित डीप-टेक विनिर्माण कंपनी इथीरियल मशीन्स विभिन्न क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाली उन्नत मशीनों के साथ उच्च परिशुद्धता वाले उपकरणों का निर्माण करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *