नई दिल्ली। भारत ने शनिवार को पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में हराकर अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के सामने 338 रनों का विशाल लक्ष्य था। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय मुश्किल स्थिति में पहुंच गई थी, लेकिन मोहित उल्वा ने आखिरी तक क्रीज पर टिके रहकर टीम को एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी।
भारतीय टीम की इस शानदार जीत के बाद क्रिकेट जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग समेत कई पूर्व क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर विशेष संदेश साझा कर युवा खिलाड़ियों को बधाई दी।
सचिन तेंदुलकर ने दी टीम को बधाई
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भारतीय अंडर-19 टीम की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि टीम के खेल में हर खिलाड़ी, हर योगदान और हर पल महत्वपूर्ण होता है। भारतीय टीम ने आज इस बात को शानदार तरीके से साबित किया है। उन्होंने युवा चैंपियंस को अंडर-19 एशिया कप जीतने पर बधाई दी।
इरफान पठान ने की खिलाड़ियों के जज्बे की तारीफ
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी भारतीय खिलाड़ियों की जमकर सराहना की। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ युवा टीम की जीत को शानदार बताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने मुकाबले में लड़ने का असली जज्बा दिखाया। उनका प्रदर्शन देखकर काफी अच्छा लगा।
वीरेंद्र सहवाग ने बताया शानदार मुकाबला
पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भारतीय टीम की जीत पर विशेष पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि क्या शानदार मुकाबला था और क्या बेहतरीन अंदाज में जीत हासिल की। 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराना खिलाड़ियों के मजबूत इरादों और जज्बे को दर्शाता है।
सहवाग ने लक्ष्य राजेश रायचंदानी की 80 रनों की पारी, आर्यवीर सहवाग के 58 रन और इसके बाद मनल चौहान तथा मोहित उल्वा के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब टीम को चमत्कार की जरूरत थी, तब इन खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने युवा चैंपियंस की इस जीत पर गर्व जताया।
शिखर धवन ने भी दी शुभकामनाएं
पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन ने भी टीम की जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बेहद रोमांचक जीत थी। युवा खिलाड़ियों ने आखिरी विकेट तक विश्वास, साहस और संघर्ष करने की भावना दिखाई। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य अच्छे हाथों में है।
दिनेश कार्तिक ने बताया भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल
पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने भी युवा टीम की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि एशिया कप में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार जीत दर्ज की है। फाइनल में मुश्किल परिस्थिति से मुकाबला जीतने का साहस और क्षमता उनके दृढ़ संकल्प तथा संघर्ष की भावना को दर्शाती है।
कार्तिक ने कहा कि भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है। टीम ने एक बार फिर साबित किया है कि दबाव की परिस्थितियों में भी वह बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखती है।
