जीवाईसीयू की बैठक में बालिकाओं के खेल व रोजगारपरक शिक्षा पर जोर
जीवाईसीयू की बैठक में बालिकाओं के खेल व रोजगारपरक शिक्षा पर जोर
अमर शहीद प्रीमियर लीग सीजन-10 पर लगी मुहर
– जीवाईसीयू की बैठक में बालिकाओं के खेल व रोजगारपरक शिक्षा पर जोर
फोटो परिचय- बैठक में भाग लेते जीवाईसीयू के पदाधिकारी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। अमर शहीदों की याद व सम्मान में स्थापित खेल एवं सामाजिक संस्था ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन (जीवाईसीयू) की जनपद इकाई की मासिक बैठक में खेल एवं सामाजिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में अमर शहीद प्रीमियर लीग के दसवें संस्करण के आयोजन पर अंतिम मुहर लगाते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में बालिकाओं को खेल प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित प्रशिक्षण, संसाधन और मंच उपलब्ध कराने की है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को खेल और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। बैठक में प्रत्येक माह बालक एवं बालिकाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की कार्ययोजना भी बनाई गई। क्रिकेट में अमर शहीद प्रीमियर लीग, टैलेंट सर्च प्रीमियर लीग, उत्तर प्रदेश एजुकेशन प्रीमियर लीग एवं जीवाईसीयू लीग के आयोजन के साथ फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसी खेल प्रतियोगिताओं को भी बढ़ावा देने पर सहमति बनी। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का आयोजन 2 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है। इसमें प्रतिष्ठित प्रायोजकों और टीम मालिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ प्रतियोगिता को भव्य स्वरूप देने की योजना पर चर्चा हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व पुलिस उपाधीक्षक शिव स्वरूप, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. अंकित सिंह, जिला महासचिव कंचन धर्मकांति, जिला प्रवक्ता आसिया फारूखी, तृप्ति सेठ, जिला स्वास्थ्य प्रशिक्षण प्रभारी वंदना सिंह, खेल प्रभारी आशुतोष कुमार, पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं व्यवस्थापक अतुल कुमार, जतिन, शिक्षक विनय सिंह एवं अमित सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।