बच्चों को बताए बाल सुरक्षा के अधिकार ,गलत व्यवहार पर चुप न रहने की दी सीख
बच्चों को बताए बाल सुरक्षा के अधिकार ,गलत व्यवहार पर चुप न रहने की दी सीख
बच्चों को बताए बाल सुरक्षा के अधिकार – गलत व्यवहार पर चुप न रहने की दी सीख
फोटो परिचय- जागरूकता अभियान को संबोधित करते अध्यक्ष मजिस्ट्रेट राजेन्द्र प्रसाद साहू। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज हथगाम, फतेहपुर। बाल विवाह, बालश्रम व बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराधों एवं शोषण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से श्री पितम्बर लाल इंटर कॉलेज, मनमोहनपुर में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। फोरम फॉर एडवांसिंग वूमेंस एजेंडा, वात्सल्य, ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान व नेहरू युवा संगठन टीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में करीब चार सौ छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, सुरक्षा और पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद साहू ने पॉक्सो एक्ट की आवश्यकता, उसकी पृष्ठभूमि और बच्चों के संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि गलत व्यवहार होने पर चुप न रहें, अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और किसी भी घटना को छिपाने के बजाय विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। बाल कल्याण समिति के सदस्य मजिस्ट्रेट रामकृष्ण पांडेय ने रामचरितमानस की चौपाई के माध्यम से बच्चों को संस्कार, शिष्टाचार व माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान का संदेश दिया। चाइल्ड लाइन के काउंसलर अंकित जायसवाल ने संकट में फंसे बच्चों की सहायता व बाल संरक्षण से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी।
वहीं एएचटीयू के उपनिरीक्षक हरिनारायण शुक्ला और महिला कांस्टेबल सरिता ने मानव तस्करी, बाल शोषण तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान के जिला समन्वयक पुष्पेंद्र कुमार ने कहा कि बाल विवाह व बालश्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए विद्यालय, समाज और प्रशासन को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने संस्था की गतिविधियों और अभियान के उद्देश्यों की जानकारी भी दी। इस अवसर पर आशुतोष कुमार उर्फ सोनू मोदनवाल, सुधांशु द्विवेदी, विद्यालय की प्रधानाचार्या उर्मिला सिंह लोधी, रमेश चंद्र, मालिकदीन, राममनोहर, रहीमाल, रोहित, दलजीत, अशोक कुमार द्विवेदी सहित विद्यालय के शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।