तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
– जिला अस्पताल में सीएमओ ने चलाया जागरूकता अभियान
फोटो परिचय- तंबाकु मुक्त जीवन की शपथ दिलाते सीएमओ। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने व स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को जिला अस्पताल में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह की अध्यक्षता में जागरूकता गोष्ठी एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित हुआ। इसमें अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और आमजन ने तंबाकू मुक्त भारत का संकल्प लिया।
सीएमओ डॉ. यूबी सिंह ने कहा कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। स्वास्थ्य विभाग का दायित्व उपचार के साथ लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से तंबाकू मुक्त जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने अस्पताल आने वाले मरीजों व तीमारदारों को तंबाकू के दुष्परिणामों की जानकारी देने पर जोर दिया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण के लिए समाज के हर वर्ग को जिम्मेदारी निभानी होगी।
नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत जागरूकता व परामर्श संबंधी गतिविधियां लगातार संचालित की जाएंगी। जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा ने तंबाकू सेवन से मुंह एवं फेफड़ों का कैंसर, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग व स्ट्रोक जैसी बीमारियों का खतरा बताया। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शहाबुद्दीन ने युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और समय पर परामर्श उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई। उत्तर प्रदेश वॉलंटरी हेल्थ एसोसिएशन के रीजनल कोऑर्डिनेटर पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभियान के उद्देश्यों व गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू का दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम में विभिन्न स्वास्थ्य विभागों के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ व कर्मचारी मौजूद रहे। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से सभी ने तंबाकू से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।