उत्तर प्रदेश में नवंबर के तीसरे सप्ताह के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोहरे और ठंड का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में सुबह के समय बेहद घना कोहरा भी छा सकता है।
लखनऊ में सोमवार को दिनभर धूप खिली रही, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते मौसम में ठंडक बनी रही। सुबह हवा की रफ्तार सात से 14 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जो दोपहर में बढ़कर 18 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। हवा में नमी का स्तर 92 प्रतिशत रहने से लोगों को ठंड का एहसास हुआ। शाम होते-होते हल्की ठिठुरन भी बढ़ गई। राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
