महिला सुरक्षा की मुहिम को मिलेगी मजबूती, जालौन पुलिस के बेड़े में शामिल हुईं दो नई स्कूटी

    महिला सुरक्षा की मुहिम को मिलेगी मजबूती, जालौन पुलिस के बेड़े में शामिल हुईं दो नई स्कूटी

मिशन शक्ति अभियान के तहत डीएम और एसपी ने दिखाई हरी झंडी, बैंक की सीएसआर योजना से मिलीं स्कूटी; स्कूल-कॉलेजों से लेकर दूरदराज के इलाकों तक बढ़ेगी महिला पुलिस की पहुंच

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन/उरई, 17 नवंबर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जालौन जिला प्रशासन ने एक और कदम उठाया है। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत महिला पुलिस कर्मियों को गश्त के लिए दो स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने हरी झंडी दिखाकर दोनों स्कूटियों को रवाना किया। महिला पुलिस कर्मियों को मिली इन स्कूटियों में एक-एक स्कूटी इंडियन बैंक और भारतीय स्टेट बैंक की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) पहल के तहत प्रदान की गई है। इनका इस्तेमाल जरूरत के अनुसार विभिन्न थानों में किया जाएगा, ताकि महिला पुलिस कर्मियों की आवाजाही और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ाई जा सके।

जिलाधिकारी समीर ने बताया कि जनपद में कार्यभार संभालने के बाद माधौगढ़ तहसील में आयोजित अपने पहले थाना दिवस के दौरान उन्होंने माधौगढ़ थाने के मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया था। उसी समय महिला पुलिस कर्मियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए स्कूटी की आवश्यकता महसूस हुई। बैंक अधिकारियों के सहयोग से अब यह पहल साकार हो सकी है। उन्होंने कहा कि भैया दूज के बाद महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। स्कूटी मिलने से महिला पुलिस कर्मियां स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास आसानी से गश्त कर सकेंगी।

इसके अलावा किसी शिकायत या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर कम समय में घटनास्थल तक पहुंचना भी संभव होगा। पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से लगातार सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। नई स्कूटियों से महिला पुलिस कर्मियों की दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी और अपराध नियंत्रण के प्रयासों को गति मिलेगी। एसपी ने यह भी बताया कि यातायात व्यवस्था में महिला पुलिस कर्मियों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। शहर के प्रमुख चौराहों पर महिला कांस्टेबलों की तैनाती की जाएगी। स्कूटी के माध्यम से वे एक से अधिक चौराहों और आसपास के क्षेत्रों में आसानी से पहुंचकर ड्यूटी कर सकेंगी। इससे महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *