तमिलनाडु के मदुरई में हाल ही में खुले तनिष्क ज्वेलरी शोरूम से करोड़ों रुपये के सोने और हीरे के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के मुख्य आरोपी एस. निशांत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले पांच दिनों से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी धर्मपुरी जिले में एक निजी लग्जरी बस से हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषणों का एक हिस्सा भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, निशांत रविवार रात बेंगलुरु से सलेम जा रही एक निजी बस में सफर कर रहा था। उसने अपने चेहरे पर नकाब लगा रखा था। बस चालक को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसी दौरान चालक ने समाचारों में प्रसारित आरोपी की तस्वीरों से उसका चेहरा मिलाया और पहचान होने पर पुलिस को सूचना दे दी।
बस चालक की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी
बस चालक ने पुलिस को बस की लाइव जीपीएस लोकेशन भी उपलब्ध कराई। इसके बाद धर्मपुरी जिले में सेसामपट्टी बाईपास के पास पुलिस ने बस को रुकवा लिया। पुलिस को सामने देखकर निशांत ने पीछे की खिड़की से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद धर्मपुरी पुलिस ने मदुरई पुलिस को इसकी जानकारी दी। मदुरई से पहुंची विशेष पुलिस टीम आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर विलाचरी इलाके में छिपाकर रखे गए करीब 6.4 किलोग्राम चोरी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
12 नवंबर को हुई थी करोड़ों की चोरी
मदुरई के तनिष्क शोरूम में 12 नवंबर को चोरी की यह बड़ी वारदात हुई थी। शोरूम से करीब 11 किलोग्राम से अधिक सोने और हीरे के आभूषण चोरी किए गए थे। इनमें लगभग 10 किलोग्राम सोने के गहने और एक किलोग्राम हीरे के आभूषण शामिल थे। घटना का पता उस समय चला जब कर्मचारी सुबह शोरूम पहुंचे और वहां से आभूषण गायब मिले।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले कई बार ग्राहक बनकर शोरूम का निरीक्षण किया था। सीसीटीवी फुटेज की जांच में उसकी संदिग्ध गतिविधियां सामने आई थीं। पुलिस ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई की मदद से अलग-अलग तारीखों के सीसीटीवी फुटेज का मिलान कर उसकी पहचान की थी।
पिता और महिला मित्र पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी के पिता सुरेश और उसकी महिला मित्र मीनाक्षी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मीनाक्षी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है। पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद निशांत ने कुछ आभूषण अपने पिता और महिला मित्र को सौंपे थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद करीब पांच से साढ़े पांच किलोग्राम सोना बरामद किया गया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद चोरी की पूरी वारदात और उसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। बरामद आभूषणों का वजन और विवरण भी सत्यापित किया जा रहा है। इस गिरफ्तारी के साथ ही करोड़ों रुपये की इस चोरी की जांच में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
