सड़क सुरक्षा पखवाड़े में परिवहन विभाग की सख्ती, नियम तोड़ने वाले स्कूली वाहनों पर कार्रवाई
सड़क सुरक्षा पखवाड़े में परिवहन विभाग की सख्ती, नियम तोड़ने वाले स्कूली वाहनों पर कार्रवाई
सड़क सुरक्षा पखवाड़े में परिवहन विभाग की सख्ती, नियम तोड़ने वाले स्कूली वाहनों पर कार्रवाई
उरई में चलाया गया विशेष जांच अभियान, कई वाहनों के चालान और दो स्कूली वाहन किए गए निरुद्ध; ओवरस्पीडिंग करने वालों पर भी कसा शिकंजा
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ उरई, 17 नवंबर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दूसरे दिन जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्टंट ड्राइविंग, तेज रफ्तार वाहनों तथा स्कूली बच्चों को निर्धारित क्षमता से अधिक बैठाकर ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई।
अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के विरुद्ध चालान और निरुद्ध करने की कार्रवाई की गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। विशेष रूप से स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, निर्धारित क्षमता और सुरक्षा मानकों को परखा गया। जांच के दौरान एक स्कूली वाहन नियमों के विपरीत संचालित पाया गया, जिसे चालान करने के साथ निरुद्ध कर दिया गया। इसके अलावा अन्य वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, यात्री एवं मालकर अधिकारी आनंद राय कुरील ने अभियान के दौरान पांच स्कूली वाहनों का चालान किया और एक वाहन को निरुद्ध किया।
इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर रहे पांच वाहनों के विरुद्ध ओवरस्पीडिंग के तहत कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य स्कूली बच्चों की यात्रा को सुरक्षित बनाने के साथ-साथ सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। इस अवसर पर एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार ने राहगीरों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिसका खामियाजा न केवल वाहन चालक बल्कि उसके पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। इसलिए सभी लोग निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, सुरक्षा नियमों का पालन करें और दूसरों की जान को भी महत्व दें।