स्वच्छता पर किशोरियों को किया जागरूक,पचास बालिकाओं को मिली सखी किट
स्वच्छता पर किशोरियों को किया जागरूक,पचास बालिकाओं को मिली सखी किट
मासिक धर्म स्वच्छता पर किशोरियों को किया जागरूक
– पचास बालिकाओं को मिली सखी किट
फोटो परिचय- बालिकाओं को सखी किट वितरित करते फाउंडेशन के पदाधिकारी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। धाता क्षेत्र के ग्राम उकाथू में एसबीआई फाउंडेशन एवं चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया (सीएसआई) की संयुक्त पहल एसबीआई संजीवनी क्लीनिक ऑन व्हील्स परियोजना के तहत मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किशोरियों व महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बरतने, संक्रमण से बचाव व स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही पचास किशोरियों को सखी किट वितरित कर उन्हें स्वच्छता सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में परियोजना की स्टाफ नर्स ने किशोरियों को मासिक धर्म की प्राकृतिक प्रक्रिया, सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग, उनके उचित निस्तारण तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है, इसलिए इससे जुड़ी भ्रांतियों और झिझक को दूर कर सही जानकारी अपनाना जरूरी है। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता सुशीला ने भी सहयोग किया। एसबीआई फाउंडेशन के प्रबंधक मृत्युंजय पाण्डेय ने कहा कि किशोरावस्था बालिकाओं के शारीरिक व मानसिक विकास का महत्वपूर्ण चरण है। मासिक धर्म को लेकर सही जानकारी व स्वच्छता के प्रति जागरूकता प्रत्येक किशोरी का अधिकार है। ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना परियोजना का उद्देश्य है, ताकि वे बिना किसी झिझक के अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें। सखी किट का वितरण इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।