जरासंध-भीम युद्ध की लीला ने मोहा मन, जल संरक्षण का दिया संदेश

   जरासंध-भीम युद्ध की लीला ने मोहा मन, जल संरक्षण का दिया संदेश
– कुएं-तालाबों का अस्तित्व मिटने पर सांसद ने जताई चिंता
फोटो परिचय- आयोजकों को सम्मानित करते सांसद नरेश उत्तम पटेल।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अमौली, फतेहपुर। विकास खंड अमौली के बुढ़वा गांव में चल रहे धर्म संस्कार महोत्सव के तीसरे दिन श्रीराधा-कृष्ण मेले में जरासंध व भीम के युद्ध की लीला का भव्य मंचन किया गया। लीला में दिखाया गया कि कंस वध से क्रोधित जरासंध ने भगवान श्रीकृष्ण को युद्ध के लिए ललकारा। श्रीकृष्ण ने भीम को युद्ध के लिए भेजा। भीम ने जरासंध के दो टुकड़े कर दिए, लेकिन वरदान के प्रभाव से उसके दोनों हिस्से फिर जुड़ गए। इसके बाद श्रीकृष्ण के संकेत पर भीम ने दोबारा उसके टुकड़े कर अलग-अलग दिशाओं में फेंक दिए, जिससे जरासंध का अंत हो गया। लीला के मंचन पर पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा।

इससे पूर्व आयोजित जल संचय एवं पर्यावरण जागरूकता गोष्ठी में मुख्य अतिथि सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि पूर्वजों ने जल संरक्षण के लिए कुएं व तालाबों का निर्माण कराया था, लेकिन आज उनका अस्तित्व लगातार मिटता जा रहा है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर संकट है। जल संरक्षण के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि मेले सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ ही गंगा-जमुनी तहजीब की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता अंकित कुमार सिंह व स्वर्ण सिंह ने भी जल संचय एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर प्रधान सनोज कुमार, बृजेंद्र सचान, विराट शुक्ला, नरेंद्र बाजपेयी सहित समिति के लोगों ने सांसद का स्वागत किया। कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह पप्पू, धर्मपाल सिंह फौजी, मनु पांडे, गौरव, सोमदत्त, अनित्य रूप सचान, हिमांक, शिवम और बरसाती समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *