आईजीआरएस शिकायत की रिपोर्ट पर सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

आईजीआरएस शिकायत की रिपोर्ट पर सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत के निस्तारण को लेकर सुंदर सिंह यादव ने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत संख्या 70172260012064 के मामले में उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार शिकायतकर्ता सुंदर सिंह यादव निवासी तिलकपुर ने बताया कि उन्होंने 12 अक्टूबर को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के समक्ष अपनी समस्या रखी थी। उनका आरोप है कि संबंधित प्रकरण में जांच और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया में उचित तथ्यों को ध्यान में नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने रिपोर्ट की सत्यता पर सवाल उठाते हुए मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रकरण से जुड़े तथ्यों की विधिवत जांच की जानी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि संबंधित अभिलेखों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कराई जाए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराएगा, जिससे मामले की वास्तविकता सामने आ सके और उन्हें न्याय मिल सके।
———————————— —–
   ननिहाल में घर के बाहर चारपाई पर मिला युवक का शव
– परिजनों ने प्रेमिका के घरवालों पर मढ़ा हत्या का आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रोशनपुर टेकारी अपने ननिहाल में रह रहे 23 वर्षीय युवक की घर के बाहर चारपाई पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मालादेई मजरे इजुरा खुर्द गांव निवासी रामचन्द्र का पुत्र प्रदीप उर्फ कल्लू डीजे का काम करता था और काफी समय से अपने ननिहाल खागा कोतवाली के रोशनपुर टेकारी में रहता था। शुक्रवार की सुबह घर के बाहर पलंग पर उसका शव मृत अवस्था में मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बहनोई संदीप ने बताया कि साले का ननिहाल में ही किसी लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 2023 में लड़की के घर वालों ने उसके ऊपर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। जिस पर प्रदीप जेल भी गया था। हालांकि अदालत से उसके पक्ष में फैसला आया था। कल जब वह वापस आया तो आज सुबह उसका शव घर के बाहर चारपाई पर मिला। उसने आरोप लगाया कि लड़की के घर वालों ने ही उसकी हत्या की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।
———————————- —-
सड़क हादसों में महिला समेत दो घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान महिला समेत दो लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पारादान निवासी राजेन्द्र पाल की 30 वर्षीय पत्नी सुलेखा देवी अपनी रिश्तेदारी में गाजीपुर थाना क्षेत्र के करसवां गांव गई थी, वापस लौटते समय गांव के समीप ही अचानक ई-रिक्शा पलट जाने से घायल हो गई। इसी प्रकार थरियांव थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी पप्पू कैथवाल का 26 वर्षीय पुत्र दुर्गेश शुक्रवार की दोपहर बाइक से शहर आ रहा था तभी वीरूपुर के समीप अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *