मेडिकल कॉलेज प्राचार्य के खिलाफ ABVP का जोरदार प्रदर्शन,पुतला फूंककर जताया विरोध

    मेडिकल कॉलेज प्राचार्य के खिलाफ ABVP का जोरदार प्रदर्शन, रावण के रूप में लगाए पोस्टर; पुतला फूंककर जताया विरोध

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ उरई। जालौन के उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज के बाहर प्राचार्य के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्राचार्य अरविंद त्रिवेदी को रावण के रूप में दर्शाते हुए होर्डिंग और बैनर लगाए, जो चर्चा का विषय बन गए। ABVP कार्यकर्ताओं ने बैनरों के माध्यम से मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पर भ्रष्टाचार, अहंकार और तानाशाही रवैया अपनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। पोस्टरों में मेडिकल कॉलेज में रुपये लेकर डिग्री दिए जाने का भी आरोप लगाया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘प्राचार्य हटाओ, मेडिकल बचाओ’ के नारे लगाते हुए कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। इसके बाद कार्यकर्ता प्राचार्य का पुतला लेकर सड़क पर उतरे और विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर हुए इस प्रदर्शन और प्राचार्य को रावण के रूप में दर्शाने वाले बैनर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद एक बार फिर राजकीय मेडिकल कॉलेज का विवाद चर्चा में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *