नाबालिग किशोरी के अपहरण और नकदी-जेवरात ले जाने का मामला,परिवार ने लगाई गुहार
नाबालिग किशोरी के अपहरण और नकदी-जेवरात ले जाने का मामला,परिवार ने लगाई गुहार
नाबालिग किशोरी के अपहरण और नकदी-जेवरात ले जाने का मामला, पीड़ित परिवार ने लगाई गुहार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित मां ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बेटी की बरामदगी, आरोपी की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, कल्याणपुर का थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को गांव का ही युवक अभिषेक पटेल बीती 18 सितंबर 2026 की रात करीब एक बजे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पीड़िता का आरोप है कि जाते समय किशोरी अपने साथ दो तोले की सोने की चेन, दो तोले का सोने का हार, पांच ग्राम सोने के झाले, दो तोले का सोने का मंगलसूत्र, 250 ग्राम चांदी की पायल, 250 ग्राम चांदी की हाफ पेटी और 2,50,000 रुपये नकद भी ले गई। इस संबंध में पीड़िता की शिकायत पर थाना कल्याणपुर में मु.अ.सं. 208/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) व 87 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। हालांकि, पीड़िता का कहना है कि वह कई बार थाने के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे वह और उसका परिवार बेहद परेशान हैं तथा अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं।
पीड़िता ने यह भी बताया कि इससे पहले 24 सितंबर 2026 और 5 अक्टूबर 2026 को उन्होंने स्वयं मिलकर व पंजीकृत डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भेजा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते 11 अक्टूबर 2026 को आरोपी के मामा और एक अन्य व्यक्ति ने पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने कहा कि बेटी उनके कब्जे में है और यदि कहीं शिकायत की गई तो बेटी तथा पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। पीड़िता ने आज एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में मांग की है कि अभियुक्त अभिषेक पटेल को शीघ्र गिरफ्तार कर पुत्री को सकुशल बरामद किया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो वह मामले की शिकायत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से करने को बाध्य होंगी।