उत्पीड़न के खिलाफ,बालिकाओं को सिखाए सुरक्षा और अधिकारों के मंत्र
उत्पीड़न के खिलाफ,बालिकाओं को सिखाए सुरक्षा और अधिकारों के मंत्र
बालिकाओं को सिखाए सुरक्षा और अधिकारों के मंत्र, उत्पीड़न के खिलाफ चुप्पी तोड़ने का दिया संदेश
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। 20 नवंबर । बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा शोषण और उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से फावा (FAVA), वात्सल्य संस्था एवं नेहरू युवा संगठन टीसी, फतेहपुर, के संयुक्त तत्वावधान में कमला बालिका इंटर कॉलेज में पोक्सो एक्ट व बाल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फतेहपुर व बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए छात्राओं को कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
जागरूकता कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद साहू ने पॉक्सो एक्ट के विभिन्न प्रावधानों और समाज में घटित हो रही घटनाओं के उदाहरणों के माध्यम से बालिकाओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि उत्पीड़न के विरुद्ध चुप्पी तोड़ना और समय पर अपनी बात रखना बेहद जरूरी है।
समिति के सदस्य मजिस्ट्रेट रामकृष्ण पांडेय ने रामचरितमानस की चौपाइयों एवं ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ श्लोक के माध्यम से नारी सम्मान, आदर्श जीवन और चरित्र निर्माण का संदेश दिया।
चाइल्ड हेल्पलाइन के पर्यवेक्षक राजप्रिय पाण्डेय ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की PLV एवं नेहरू युवा संगठन टीसी, फतेहपुर की समन्वयक अनीता वर्मा ने सांप-सीढ़ी गतिविधि के माध्यम से बालिकाओं को शोषण की पहचान और उससे बचाव के तरीके समझाए।
ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान के जिला समन्वयक पुष्पेंद्र कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की उपयोगिता बताई। वहीं नेहरू युवा संगठन टीसी के आशुतोष कुमार (सोनू मोदनवाल) ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन गोपनीयता और साइबर अपराधों से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सुधांशु द्विवेदी ने सहयोग किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनामिका ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का संदेश रहा कि *बालिकाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और निर्भीक बनाना ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।