मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति समुदाय को किया गया जागरूक, 50 सखी किट वितरित

    ग्राम उकाथु में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति समुदाय को किया गया जागरूक, 50 सखी किट वितरित

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर – धाता, फतेहपुर — SBI फाउंडेशन (SBIF) एवं चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया (CSI) की संयुक्त पहल SBI संजीवनी – क्लिनिक ऑन व्हील्स परियोजना के अंतर्गत ग्राम ukathu में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management – MHM) पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय को मासिक धर्म से संबंधित सही जानकारी प्रदान करना, व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक झिझक को दूर करना था।

कार्यक्रम के दौरान परियोजना की स्टाफ नर्स द्वारा किशोरियों को मासिक धर्म की प्रक्रिया, इस दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं निस्तारण, संक्रमण से बचाव तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया।समुदाय में महिलाओं और किशोरियों को यह भी समझाया गया कि मासिक धर्म एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसके बारे में खुलकर बात करना और सही जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है।
इस अवसर पर 50 किशोरियों को सखी किट वितरित की गईं। इन किटों का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान आवश्यक स्वच्छता सामग्री उपलब्ध कराना तथा सुरक्षित एवं स्वस्थ आदतों को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता सुशीला जी ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। उनके सहयोग से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

इस अवसर पर SBIF प्रबंधक मृत्युंजय पाण्डेय ने कहा, “किशोरावस्था बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास का एक महत्वपूर्ण चरण है। मासिक धर्म के प्रति सही जानकारी, स्वच्छता और जागरूकता प्रत्येक किशोरी का अधिकार है। हमारा उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की किशोरियों तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि वे बिना किसी झिझक के अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें। सखी किट का वितरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *