शुरू हुई ईवीएम की पाठशाला, मतदाता खुद डाल सकेंगे डेमो वोट; वीवीपैट से देख सकेंगे मिला वोट

 जालौन में शुरू हुई ईवीएम की पाठशाला, मतदाता खुद डाल सकेंगे डेमो वोट; वीवीपैट से देख सकेंगे किसे मिला वोट

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ उरई। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जालौन में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर की शुरुआत कर दी गई है। इन केंद्रों पर पहुंचकर आम नागरिक खुद डेमो वोट डाल सकेंगे और वीवीपैट मशीन के जरिए यह भी देख सकेंगे कि उन्होंने जिस प्रत्याशी का बटन दबाया, वोट उसी के पक्ष में दर्ज हुआ है या नहीं। शुक्रवार को जिला निर्वाचन

अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं ईवीएम पर डेमो वोट डालकर वीवीपैट मशीन से उसका सत्यापन किया और मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने बताया कि ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन भी लगाई गई है। मतदान के दौरान ईवीएम का बटन दबाने पर वीवीपैट की स्क्रीन पर कुछ सेकंड के लिए एक पर्ची दिखाई देती है। इस पर्ची पर

संबंधित प्रत्याशी का क्रमांक, नाम और चुनाव चिह्न दर्ज होता है। इससे मतदाता अपने वोट का मिलान कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट के अलावा जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों माधौगढ़, कालपी और उरई की तहसीलों में भी डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पहुंचकर कोई भी व्यक्ति डमी बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान का अभ्यास कर सकता है। केंद्रों पर तैनात मास्टर ट्रेनर और निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी लोगों को ईवीएम संचालन,

मतदान की प्रक्रिया और वीवीपैट से मत सत्यापन की पूरी जानकारी देंगे। जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नजदीकी डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर पहुंचकर ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझें, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *