लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो सकती है। इसका असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ने की आशंका है।
मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और यात्रा से पहले संबंधित परिवहन सेवाओं से जानकारी लेने की सलाह दी है। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ सकती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है।
इन जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, मऊ, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
लखनऊ में सुबह रहेगा हल्का कोहरा
राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह हल्का कोहरा रहने और बाद में आसमान साफ होने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
चक्रवात के असर से बदला मौसम
इससे पहले चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के कारण वातावरण में ठंडक बढ़ गई। मौसम में आए बदलाव से दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
25 नवंबर से न्यूनतम तापमान में और कमी आने के संकेत हैं। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।
कोहरे को देखते हुए रेलवे ने भी तैयारी शुरू कर दी है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक कम यात्रियों वाली आठ ट्रेनों को निरस्त करने का फैसला किया है, जबकि 24 ट्रेनों के फेरों में कटौती की गई है। सुरक्षित रेल संचालन के लिए लोको पायलटों को जीपीएस आधारित फॉग सेफ्टी डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा रेलवे ट्रैक की निगरानी के लिए रात में विशेष गश्त भी की जा रही है।
