लखनऊ: उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने और अर्थव्यवस्था को छह ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य के तहत योगी सरकार ने शहरी विकास का बड़ा खाका तैयार किया है। इसके अनुसार, प्रदेश में शहरी क्षेत्र का विस्तार मौजूदा 24.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत तक किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के छह क्षेत्रीय आर्थिक केंद्र विकसित किए जाएंगे और तीन शहरों को दुनिया के शीर्ष 100 शहरों के मानकों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
विकसित यूपी@2047 विजन डॉक्यूमेंट में शहरीकरण को आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनाया गया है। इसके तहत आवास, परिवहन, औद्योगिक विकास और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य शहरों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने के साथ रोजगार और निवेश के नए अवसर तैयार करना है।
छह क्षेत्रीय आर्थिक केंद्रों का होगा विकास
प्रदेश में संतुलित आर्थिक विकास के लिए छह क्षेत्रीय आर्थिक केंद्र विकसित किए जाएंगे। इनमें वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन केंद्रों में विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, कृषि तकनीक और वेलनेस जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
लखनऊ बनेगा मॉडल महानगर
राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर राज्य राजधानी क्षेत्र (एससीआर) को मॉडल महानगरीय क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत सड़क, आवास, परिवहन और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। शहरों के अनियोजित विकास को रोकने के लिए सभी शहरी क्षेत्रों में जीआईएस आधारित मास्टर प्लान लागू किए जाएंगे।
मेट्रो, रैपिड रेल और हाईस्पीड रेल पर जोर
शहरी यातायात को बेहतर बनाने और जाम तथा प्रदूषण की समस्या कम करने के लिए मेट्रो, रैपिड रेल, इलेक्ट्रिक बसों और इलेक्ट्रिक वाहनों की कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी। यातायात प्रबंधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रियल टाइम ट्रैकिंग तकनीक का इस्तेमाल होगा।
इसके अलावा दिल्ली-लखनऊ-प्रयागराज-वाराणसी और लखनऊ-अयोध्या के बीच हाईस्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने का प्रस्ताव है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के हिस्से में ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर बनाने की भी योजना है।
सभी 75 जिलों में शहरी विकास प्राधिकरण का प्रस्ताव
शहरी विस्तार को व्यवस्थित बनाने के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में कम से कम एक शहरी विकास प्राधिकरण स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत विकसित भूखंडों का लैंड बैंक तैयार किया जाएगा। नई टाउनशिप में हरित क्षेत्र, बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं और किफायती आवास उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
सरकार का लक्ष्य शहरी नागरिक सेवाओं का 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण करना भी है। आवासीय योजनाओं में ग्रीन बिल्डिंग, गर्मी से बचाव करने वाली निर्माण सामग्री और प्राकृतिक शीतलन तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा।
तीन शहरों को वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य
विजन डॉक्यूमेंट में उत्तर प्रदेश के तीन शहरों को दुनिया के शीर्ष 100 शहरों के मानकों तक विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए आधुनिक परिवहन, बेहतर आवास, औद्योगिक गतिविधियों, पर्यटन और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही शहरी क्षेत्रों को जलवायु अनुकूल और कम कार्बन उत्सर्जन वाला बनाने की योजना है।
इस पूरी कार्ययोजना का उद्देश्य वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश को आधुनिक बुनियादी ढांचे, मजबूत अर्थव्यवस्था और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला विकसित राज्य बनाना है।
