आनंदी माता मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप

 आनंदी माता मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप
– पूर्व सैनिक उत्थान समिति ने संभाला मोर्चा
फोटो परिचय- मंदिर की जमीन पर कब्जे के मामले पर मौजूद पूर्व सैनिक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिलंदा स्थित प्राचीन आनंदी माता मंदिर की भूमि व परिसर की सुरक्षा का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। मंदिर परिसर में शव दफनाए जाने व जमीन को लेकर उठ रहे विवाद पर पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति ने संज्ञान लिया है। समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने मंदिर पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और मंदिर समिति से समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष राम विशाल पाल ने बताया कि मंदिर में स्थापित आनंदी माता की मूर्ति करीब एक हजार वर्ष पुरानी मानी जाती है। मान्यता है कि यह मूर्ति धरती से प्रकट हुई थी। मुगल शासनकाल में इसे नष्ट करने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति ने परिसर के आसपास शव दफनाए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

राम विशाल पाल का आरोप है कि गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पांच बीघे का कब्रिस्तान पहले से आवंटित है, जहां शव दफनाए जाते रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा मंदिर के नजदीक शव दफनाए जाने से विवाद की स्थिति पैदा हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए समिति की महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मंदिर की भूमि और धार्मिक गरिमा की रक्षा के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी। समिति अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने भी मंदिर की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक राजेश शुक्ला, राम सजीवन, लखन लाल विश्वकर्मा, सूबेदार अशोक कुमार यादव, नरेश मौर्य, दुर्ग पाल, प्रधान राज बहादुर सिंह, समिति के संरक्षक रमेश चंद्र विद्यार्थी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *