बेटी की गला घोंटकर हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार,ट्रांसफर को लेकर हुआ था विवाद

 बेटी की गला घोंटकर हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार
– 50 हजार रुपये के ट्रांसफर को लेकर हुआ था विवाद
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना में एक पिता ही अपनी बेटी का कातिल निकला। जाफरगंज पुलिस ने सोमवार को आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक लिखा-पढ़ी कर उसे न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक 19 नवंबर को ललौली थाना क्षेत्र के दरियाबाद श्मशान घाट के पास यमुना नदी में एक महिला का शव उतराता हुआ मिला था। ललौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान ग्राम बारा के बीट प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश यादव को जानकारी मिली कि गांव निवासी प्राची सिंह पुत्री जितेंद्र सिंह की 9/10 नवंबर की रात कुएं में गिरने से मौत हो गई थी और परिजनों ने उसका शव यमुना नदी में प्रवाहित कर दिया था। पुलिस ने यमुना से मिले शव के फोटोग्राफ व पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित रखे गए कपड़े व चादर परिजनों को दिखाए तो मृतका की मां सुधा देवी व पिता जितेंद्र सिंह ने उसकी पहचान प्राची सिंह के रूप में की। पिता ने पहले पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि चारा डालते समय भैंस की टक्कर लगने से बेटी कुएं में गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने व सिर में आई चोट के संयुक्त प्रभाव से मौत होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और जांच की दिशा बदल गई। पुलिस जांच व पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले प्राची सिंह ने अपने पिता के खाते से 50 हजार रुपये अपनी मां के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। इसी बात को लेकर पिता जितेंद्र सिंह का बेटी से विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, शराब पीने का आदी जितेंद्र इस बात से नाराज था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 9/10 नवंबर की रात उसने अपनी बेटी प्राची सिंह की गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को दुर्घटना का रूप देने के इरादे से शव घर के सामने स्थित कुएं में डाल दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने शोर मचाकर लोगों को एकत्र किया और भैंस की टक्कर लगने से बेटी के कुएं में गिरने की कहानी सुनाई, ताकि किसी को हत्या का शक न हो।

इसके बाद अगले दिन सुबह पुलिस को सूचना दिए बिना शव को कुएं से निकालकर यमुना नदी में प्रवाहित कर दिया, जिससे हत्या के साक्ष्य मिटाए जा सकें। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसके पूरे घटनाक्रम की पोल खोल दी। वांछित आरोपी जितेंद्र सिंह पुत्र नाहर सिंह निवासी ग्राम बारा थाना जाफरगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ जाफरगंज थाने में मु0अ0सं0 204/2026 के तहत धारा 103(1) और 238 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *