सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, कई टीमें प्रदेश की सीमा पार कर पहुंचीं राजगढ़

   स्कूटी से रूपयों का बैग उड़ाने वाला शातिर चोर एमपी से गिरफ्तार
– सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, कई टीमें प्रदेश की सीमा पार कर पहुंचीं राजगढ़
– दो लाख पचास हजार रुपये बरामद, दो साथी फरार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। स्कूटी के पायदान पर रखे रूपयों के बैग को उड़ाने वाले शातिर चोर को पुलिस ने घेराबंदी करके मध्य प्रदेश के राजगढ़ से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की रकम में से दो लाख पचास हजार रुपये बरामद हुए हैं।

पूछताछ में वारदात में शामिल दो अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने घटना के बाबत जानकारी देते हुए बताया कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के बस स्टैंड निवासी अनिल कुमार गुप्ता दो नवंबर को अपने घर से दो लाख अस्सी हजार रुपये एक बैग में रखकर पोस्ट ऑफिस व बैंक में जमा करने निकले थे। रास्ते में कस्बे के श्याम जी किराना स्टोर पर चेक लेने के लिए रुक गए। उन्होंने रुपयों से भरा बैग अपनी स्कूटी के पायदान पर रख दिया और दुकान पर बातचीत करने लगे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति पैदल पहुंचा और मौका देखकर स्कूटी पर रखा रुपयों से भरा बैग उठाकर फरार हो गया। कुछ ही देर में बैग गायब देखकर पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना पर जहानाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने घटना के खुलासे व शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद कई पुलिस टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति रुपयों से भरा बैग लेकर जाता दिखाई दिया। इसके बाद मैनुअल इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। जांच की कड़ियां मध्य प्रदेश के जनपद राजगढ़ तक पहुंचीं तो जहानाबाद पुलिस की टीम थाना बोड़ा क्षेत्र में डेरा डालकर आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस टीम ने बोड़ा-पचोर मार्ग से ग्राम कड़िया की ओर जाने वाले रास्ते पर प्रेमलीला होटल के पास घेराबंदी की और एरूड़ पुत्र प्रकाश निवासी ग्राम गुलखेड़ी थाना बोड़ा जनपद राजगढ़ मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके हाथ में मौजूद लाल रंग के झोले से चोरी के दो लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार एरूड़ ने वारदात में अपने दो अन्य साथियों रणवीर पुत्र ज्वाला और आर्यन सिंह सिसोदिया पुत्र नरेंद्र सिंह सिसोदिया निवासी ग्राम कड़िया, थाना बोड़ा, जनपद राजगढ़ के शामिल होने की बात स्वीकार की। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बिंदेश कुमार गिरि, हेड कांस्टेबल सूर्यभान सिंह, हेड कांस्टेबल इंद्रपाल और कांस्टेबल सूर्य प्रताप की अहम भूमिका रही। एसपी ने सफल अनावरण व बरामदगी पर पूरी टीम की सराहना करते हुए 15 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *