700 मीटर की विशाल चुनरी से यमुना मैया का अभिनंदन, 11 हजार दीपों से जगमगाया कालपी का पीला घाट
अभय द्विवेदी की पहल पर चमारी से निकली भव्य चुनरी यात्रा, बिठूर और वाराणसी के विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई महाआरती
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ कालपी/उरई (जालौन) — यमुना नदी के प्रति श्रद्धा और धार्मिक आस्था का अनूठा नजारा मंगलवार को कालपी के ऐतिहासिक पीला घाट पर देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता के बीच आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम ने पूरे घाट को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। ग्राम चमारी से शुरू हुई चुनरी यात्रा, 700 मीटर लंबी चुनरी का यमुना मैया को समर्पण और 11 हजार दीपों का दीपदान आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। इंफोपार्क के डायरेक्टर अभय द्विवेदी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह ग्राम चमारी से यमुना मैया के जयकारों के साथ चुनरी यात्रा रवाना हुई। यात्रा के कालपी पहुंचने पर पीला घाट में विधि-विधान के साथ विशाल चुनरी अर्पित की गई। करीब 2100 फीट यानी 700 मीटर लंबी चुनरी के समर्पण का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
11 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाया यमुना तट

कार्यक्रम के दौरान 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर यमुना मैया को समर्पित किए गए। दीपों की जगमगाती कतारों से पीला घाट का दृश्य बेहद मनमोहक हो गया। यमुना तट पर एक साथ हजारों दीपों की रोशनी और गूंजते जयकारों ने धार्मिक आयोजन को यादगार बना दिया। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

बिठूर और वाराणसी के विद्वानों ने कराई महाआरती
धार्मिक अनुष्ठान को भव्य स्वरूप देने के लिए बिठूर और वाराणसी से आए विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यमुना मैया की महाआरती संपन्न कराई। शंखध्वनि, मंत्रोच्चार और आरती के दौरान पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में सहभागिता कर मां यमुना के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

