पानी की टंकी में फंसे बेजुबान बंदर के लिए फरिश्ता बने सभासद अंकित कुमार

  पानी की टंकी में फंसे बेजुबान बंदर के लिए फरिश्ता बने सभासद अंकित कुमार, रेस्क्यू कर बचाई जान

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन।  इंसानियत और जीवों के प्रति संवेदनशीलता की एक सराहनीय मिसाल उस समय देखने को मिली, जब पानी की टंकी में फंसा एक बेजुबान बंदर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही तेवर न्यूज़ के संपादक शैलेंद्र सिंह ने बंदर को सुरक्षित बाहर निकलवाने के लिए हर संभव प्रयास शुरू किए।

बताया गया कि संपादक शैलेंद्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों, नगर निगम और प्रशासनिक जिम्मेदारों से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद जब तत्काल कोई प्रभावी सहायता नहीं मिल सकी तो उन्होंने इस मामले को अपने समाचार चैनल के माध्यम से प्रमुखता से प्रसारित किया, ताकि बेजुबान जीव की जान बचाई जा सके। खबर प्रसारित होने के बाद कदौरा नगर पंचायत के सभासद अंकित कुमार ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल मौके की स्थिति जानने के लिए संपर्क किया। उन्होंने बिना देर किए बंदर को सुरक्षित बाहर निकलवाने की जिम्मेदारी उठाई।

संबंधित अधिकारियों और लोगों से संपर्क कर रेस्क्यू अभियान के लिए आवश्यक सहयोग जुटाया। आखिरकार उनके प्रयास सफल हुए और पानी की टंकी में फंसे बंदर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम में तेवर न्यूज़ के संपादक शैलेंद्र सिंह की पहल और सभासद अंकित कुमार के सक्रिय सहयोग की सराहना की जा रही है। एक ओर जहां दूर बैठकर भी शैलेंद्र सिंह ने बेजुबान की जान बचाने के लिए लगातार प्रयास किए, वहीं दूसरी ओर सभासद अंकित कुमार ने मौके पर पहल कर उसे सुरक्षित निकलवाने में अहम भूमिका निभाई। तेवर न्यूज़ ऐसे संवेदनशील और मानवता की मिसाल पेश करने वाले लोगों का दिल से स्वागत एवं अभिनंदन करता है। साथ ही यह सवाल भी उठता है कि जब संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी थी, तब समय रहते मदद के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए? यह घटना समाज को एक बड़ा संदेश देती है कि इंसानियत केवल इंसानों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बेजुबान पशु-पक्षियों की जान बचाना भी हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। जरूरत इस बात की है कि समाज का हर व्यक्ति संकट में फंसे जीवों की मदद के लिए आगे आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *