अवैध खनन को लेकर प्रशासन से शिकायत, लिफ्ट मशीनों से नदी में बालू निकालने का आरोप

   चंडौत में अवैध खनन को लेकर प्रशासन से शिकायत, लिफ्ट मशीनों से नदी में बालू निकालने का आरोप

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ हमीरपुर जालौन। जनपद में बालू खनन को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। चंडौत क्षेत्र में नदी के अंदर लिफ्ट मशीनों के माध्यम से कथित अवैध खनन किए जाने का आरोप लगाते हुए एक शिकायतकर्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि संबंधित खनन क्षेत्र में निर्धारित नियमों की अनदेखी करते हुए लिफ्ट मशीनों के जरिए नदी से बालू निकाली जा रही है। शिकायतकर्ता ने पत्र में संबंधित गाटा संख्या और खनन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग उठाई है। शिकायत में यह भी सवाल उठाया गया है कि खनन गतिविधियां निर्धारित सीमाओं के अनुरूप संचालित हो रही हैं या नहीं। यदि स्वीकृत पट्टे की सीमा से बाहर खनन किया जा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मौके पर जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

गौरतलब है कि चंडौत क्षेत्र में खंड संख्या-4 को लेकर पहले भी लिफ्ट मशीनों से बड़े पैमाने पर बालू निकाले जाने के आरोप सामने आए हैं। खनन कारोबारी देवेंद्र गुप्ता से जुड़े इस खनन क्षेत्र को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। शिकायतकर्ता की ओर से 17 नवंबर 2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद अब प्रशासनिक कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं। स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि खनन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मशीनों, पट्टे की सीमा और खनन की स्थिति का भौतिक सत्यापन करे। अब बड़ा सवाल यह है कि नदी में कथित तौर पर चल रहे खनन की जांच कब होगी? क्या जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगे या शिकायतें केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएंगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *