मां की कोख से बड़ा दुनिया में कोई विश्वविद्यालय नहीं: पं. श्याम

   मां की कोख से बड़ा दुनिया में कोई विश्वविद्यालय नहीं: पं. श्याम
– समर्थ शिशु श्रीराम कथा के तीसरे दिन धूमधाम से मनाया प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव
फोटो परिचय- कथा का श्रवण करते श्रद्धालु।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विद्या भारती द्वारा मार्गदर्शित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज वीआईपी रोड में आयोजित पांच दिवसीय समर्थ शिशु श्रीराम कथा के तीसरे दिन गुरुवार को दीप प्रज्जवलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कथा व्यास परम पूज्य पंडित श्याम जी मनावत ने मां के गर्भ में मिलने वाले संस्कारों व शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि मां के गर्भ से बड़ा दुनिया में कोई विश्वविद्यालय नहीं हो सकता।

उन्होंने भक्त प्रहलाद का उदाहरण देते हुए बताया कि प्रहलाद ने मां के गर्भ में ही भागवत का श्रवण किया था और उन्हें ईश्वर भक्ति के संस्कार प्राप्त हो गए थे। हिरण्यकश्यप भी उनके भीतर से भक्ति के संस्कारों को समाप्त नहीं कर सका। इसी प्रकार महाभारत में अर्जुन पुत्र वीर अभिमन्यु ने भी मां के गर्भ में ही चक्रव्यूह भेदन की कला सीखी थी। इससे स्पष्ट होता है कि गर्भावस्था में मिलने वाली शिक्षा और संस्कारों का प्रभाव व्यक्ति के पूरे जीवन पर पड़ता है। कथा व्यास ने कहा कि मां की कोख में जो संस्कार व ज्ञान प्राप्त होता है, वह जीवनभर व्यक्ति के साथ रहता है।

गर्भ के नौ महीने शिशु के जीवन निर्माण की महत्वपूर्ण अवधि होते हैं। इसलिए गर्भवती माताओं को इस दौरान सकारात्मक विचार, धार्मिक कथाओं और अच्छे संस्कारों से जुड़ना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ी संस्कारवान बन सके। इस अवसर पर समर्थ शिशु श्रीराम कथा में प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम व श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रांत संगठन मंत्री रजनीश, संभाग निरीक्षक शिवकरन, विभाग कार्यवाह ज्ञानेन्द्र सिंह, प्रबंधक राकेश, सह प्रबंधक रमाशंकर गुप्ता, कोषाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र, मुख्य यजमान अनूप अग्रवाल, डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, सरस्वती शिशु मंदिर चौक की प्रधानाचार्या वर्षा, यजमान आकाश सिंह, ललित पाण्डेय, बीएसए प्रिंसी मौर्या, एएओ दीपक पाण्डेय एवं प्रयागराज से आए मोहित अग्रहरि सहित प्रबंध समिति के सम्मानित सदस्य और विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *