HTET 2026: हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आज आवेदन का आखिरी मौका, 27 नवंबर रात 11:59 बजे तक भरें फॉर्म; 26 और 27 दिसंबर को होगी परीक्षा

भिवानी: हरियाणा में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की ओर से आयोजित होने वाली हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 के लिए आवेदन करने की आज यानी 27 नवंबर अंतिम तारीख है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करना भी अनिवार्य है। इसके बाद आवेदन विंडो बंद कर दी जाएगी।

बोर्ड के अनुसार, HTET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 नवंबर से शुरू हुई थी। परीक्षा में तीन स्तरों पर अभ्यर्थियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा। इनमें लेवल-1 प्राथमिक शिक्षक (PRT), लेवल-2 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) और लेवल-3 स्नातकोत्तर शिक्षक (PGT) शामिल हैं।

28 और 29 नवंबर को मिलेगा फॉर्म में सुधार का मौका

जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन करते समय कोई गलती कर दी है, उन्हें उसमें सुधार करने का अवसर भी दिया जाएगा। बोर्ड की ओर से 28 और 29 नवंबर को ऑनलाइन करेक्शन विंडो खोली जाएगी। उम्मीदवार इस दौरान आवेदन में निर्धारित विवरणों में संशोधन कर सकेंगे। 29 नवंबर के बाद किसी भी माध्यम से सुधार का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

श्रेणी के अनुसार निर्धारित है आवेदन शुल्क

हरियाणा टीईटी 2026 में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को चुने गए पेपरों की संख्या के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करना होगा।

सामान्य, ओबीसी और हरियाणा से बाहर के सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए एक पेपर की फीस 1200 रुपये, दो पेपर की फीस 2000 रुपये और तीनों पेपर की फीस 2600 रुपये निर्धारित की गई है।

वहीं, हरियाणा के मूल निवासी एससी और दिव्यांग (PH) अभ्यर्थियों को एक पेपर के लिए 700 रुपये, दो पेपर के लिए 1100 रुपये और तीनों पेपर के लिए 1400 रुपये शुल्क देना होगा।

तीन स्तरों पर होगी परीक्षा

HTET 2026 की परीक्षा 26 और 27 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। लेवल-3 यानी पीजीटी की परीक्षा 26 दिसंबर को होगी, जबकि लेवल-2 टीजीटी और लेवल-1 पीआरटी की परीक्षाएं 27 दिसंबर को आयोजित की जाएंगी।

पेपर के अनुसार अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता

लेवल-1 (PRT) के लिए उम्मीदवार का 12वीं कक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना और प्राथमिक शिक्षा में डिप्लोमा (D.El.Ed.) होना आवश्यक है।

लेवल-2 (TGT) के लिए स्नातक की डिग्री के साथ बीएड या डीएलएड जैसी निर्धारित शिक्षक प्रशिक्षण योग्यता होनी चाहिए।

लेवल-3 (PGT) के लिए संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री के साथ बीएड की निर्धारित योग्यता आवश्यक है।

घर बैठे ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

अभ्यर्थियों को सबसे पहले हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाना होगा। वेबसाइट के होमपेज पर ‘Apply for Haryana Teacher Eligibility Test-2026’ लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ‘Apply Online’ विकल्प चुनकर मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी।

पंजीकरण पूरा होने के बाद लॉगिन करके आवेदन प्रक्रिया के बाकी चरण पूरे करने होंगे। उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी और पेपर के अनुसार निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। आवेदन सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लेना चाहिए।

परीक्षा के एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से कुछ दिन पहले ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन और परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *