समर्थ शिशु श्रीराम कथा के अंतिम दिन भक्त ध्रुव के चरित्र का किया वर्णन

उपेक्षा व अपमान का हल उपासना में है: पं. श्याम
– समर्थ शिशु श्रीराम कथा के अंतिम दिन भक्त ध्रुव के चरित्र का किया वर्णन
फोटो परिचय- (4) कथा में भाग लेतीं महिलाएं।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। विद्या भारती द्वारा मार्गदर्शित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज वीआईपी रोड में आयोजित पांच दिवसीय समर्थ शिशु श्रीराम कथा का पंचम एवं अंतिम दिन शनिवार को दीप प्रज्जवलन के साथ संपन्न हुआ। कथा व्यास परम पूज्य पंडित श्याम जी मनावत ने भक्त ध्रुव के चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि उपेक्षा व अपमान का हल प्रतिशोध में नहीं, बल्कि उपासना में है। जब मनुष्य अपने जीवन को प्रभु की भक्ति में समर्पित कर देता है तो उसके भीतर के सांसारिक विकार स्वतः समाप्त होने लगते हैं।

कथा के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक विक्रम सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय, क्षेत्रीय शारीरिक प्रमुख जगदीश सिंह, संगठन मंत्री रजनीश, प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद एवं विभाग प्रचारक शिव शंकर शामिल रहे। इसके अलावा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. हरेश प्रताप सिंह, प्रबंधक राकेश श्रीवास्तव, सह प्रबंधक रमाशंकर गुप्ता, कोषाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र, कथा के मुख्य यजमान अनूप अग्रवाल, यजमान मृत्युंजय सिंह, उपेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, अर्चना त्रिपाठी तथा सरस्वती विद्या मंदिर बिंदकी के प्रधानाचार्य बलराम सिंह सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने अतिथियों एवं आचार्य-आचार्या परिवार का परिचय कराते हुए उनका सम्मान किया।

कथा व्यास श्याम जी मनावत ने भक्त ध्रुव के चरित्र का वर्णन करते हुए बताया कि ध्रुव को अपने पिता से उपेक्षा व सौतेली मां सुरुचि से अपमान का सामना करना पड़ा। पिता द्वारा गोद में न बैठाए जाने और छोटी मां के कटु वचनों से उनके मन में प्रतिशोध की भावना उत्पन्न हो गई थी लेकिन उनकी माता सुनीति ने उन्हें प्रतिशोध के रास्ते पर जाने के बजाय प्रभु की उपासना का मार्ग दिखाया। माता ने समझाया कि यदि पिता की गोद नहीं मिली तो क्या हुआ, परमपिता परमात्मा की गोद प्राप्त करने का प्रयास करो। मां के इसी उपदेश ने ध्रुव के जीवन की दिशा बदल दी और वह भगवान की भक्ति में लीन हो गए। उन्होंने कहा कि ध्रुव का चरित्र बालहठ, राजहठ व त्रियाहठ के बीच संघर्ष का अद्भुत उदाहरण है। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ प्रभु श्रीराम का स्मरण किया। पांच दिनों तक चली इस धार्मिक कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं विद्यालय परिवार के लोगों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *