पंद्रह दिन तक पुलिस को गुमराह करता रहा हत्यारोपी; मोबाइल ने खोला राज
पंद्रह दिन तक पुलिस को गुमराह करता रहा हत्यारोपी; मोबाइल ने खोला राज
धान कटवाने के विवाद में ईंट से कूचकर हुई थी किसान की हत्या
– पंद्रह दिन तक पुलिस को गुमराह करता रहा हत्यारोपी; मोबाइल ने खोला राज
– मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, ईंट व मृतक के मोबाइल के टुकड़े बरामद
फोटो परिचय- पत्रकारों को जानकारी देते एसपी अभिमन्यु मांगलिक। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में धान की फसल कटवाने के विवाद में रामजीवन (40) की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर हत्यारोपी रविशंकर उर्फ रवि को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया।
पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 13 नवंबर को रामजीवन का शव उसके बाग में नहर पटरी के किनारे मिला था। शुरुआत में मामला नहर पटरी से गिरकर मौत होने का प्रतीत हो रहा था। घटनास्थल से मिले लावा कंपनी के मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिला। जांच में मोबाइल आरोपी रविशंकर सविता निवासी पधारा का निकला। इसके बाद मृतक के भाई की तहरीर पर 27 नवंबर को हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पधारा चौराहा नहर पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 नवंबर की शाम वह अपने खेत में धान की फसल बांधने गया था।
इसी दौरान पड़ोसी खेत में मौजूद रामजीवन ने शराब के नशे में उससे अपना धान कटवाने को कहा। मना करने पर दोनों के बीच गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने पास पड़ी ईंट से रामजीवन के सिर पर दो-तीन वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए मृतक की साइकिल नहर पटरी की ढलान पर गिरा दी और घटनास्थल के आसपास की झाड़ियों को अस्त-व्यस्त कर दिया। हत्या में प्रयुक्त ईंट झाड़ियों में छिपा दी तथा मृतक का मोबाइल तोड़कर उसके टुकड़े नहर किनारे फेंक दिए। 28 नवंबर को आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से करीब 50 मीटर पहले झाड़ियों से खून से सनी ईंट और नहर किनारे से मृतक के क्षतिग्रस्त मोबाइल के टुकड़े बरामद किए। आरोपी का लावा कीपैड मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बकेवर ब्रजेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल नितिन पटेल और कांस्टेबल संदीप चौधरी शामिल रहे।