वाशिंगटन: दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपतियों में शामिल एलन मस्क ने अमेरिका के बच्चों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका के हर बच्चे को उनकी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) के दो शेयर दिए जाएंगे। इनमें एक शेयर कंपनी की ओर से और दूसरा शेयर मस्क व्यक्तिगत रूप से देंगे। इस पूरे उपहार की अनुमानित कीमत करीब 18 अरब डॉलर (लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये) बताई जा रही है।
मस्क ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिका के प्रत्येक बच्चे को स्पेसएक्स के दो शेयर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से दिया जाने वाला शेयर अगले महीने हस्तांतरित किया जाएगा, जबकि उनका व्यक्तिगत शेयर जून 2027 में दिया जाएगा। उस समय उनके शेयरों पर लगी हस्तांतरण संबंधी पाबंदी समाप्त हो जाएगी।
ट्रंप अकाउंट के जरिए मिलेंगे शेयर
स्पेसएक्स ने घोषणा की है कि वह अमेरिका के बच्चों के लिए बनाए गए सक्रिय ट्रंप अकाउंट में अपना एक नया क्लास ए कॉमन शेयर जमा करेगी। इसके बाद एलन मस्क भी कंपनी की ओर से दिए जाने वाले शेयरों के बराबर अपने व्यक्तिगत शेयर देंगे।
ट्रंप अकाउंट अमेरिका में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए शुरू की गई कर लाभ वाली निवेश योजना है। इसका उद्देश्य बच्चों के नाम पर लंबी अवधि की बचत और निवेश को बढ़ावा देना है। व्हाइट हाउस के अनुसार, अक्टूबर तक इस योजना के तहत करीब सात करोड़ खाते खोले जा चुके थे। हालांकि, सभी खाते सक्रिय नहीं हैं।
एक शेयर की कीमत करीब 127 डॉलर
बुधवार को स्पेसएक्स के एक शेयर का बाजार मूल्य करीब 127.44 डॉलर था। इस हिसाब से प्रत्येक बच्चे को मिलने वाले दो शेयरों की कीमत लगभग 255 डॉलर होगी। यदि करीब सात करोड़ बच्चों को दोनों शेयर मिलते हैं तो इस उपहार का कुल मूल्य लगभग 17.8 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
मस्क ने बच्चों को सलाह दी है कि वे इन शेयरों को जल्द बेचने के बजाय लंबे समय तक अपने पास रखें। उनका मानना है कि भविष्य में अंतरिक्ष और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में स्पेसएक्स की संभावनाएं काफी बड़ी हैं।
स्पेसएक्स की अध्यक्ष भी देंगी दो लाख से अधिक शेयर
इस पहल में स्पेसएक्स की अध्यक्ष और मुख्य परिचालन अधिकारी ग्विन शॉटवेल भी योगदान देंगी। उन्होंने दो लाख नहीं, बल्कि 20 लाख से अधिक स्पेसएक्स शेयर बच्चों को उपहार में देने की घोषणा की है। यह राशि अलग से दी जाएगी और इसका उद्देश्य अमेरिकी बच्चों को कंपनी की आर्थिक प्रगति में भागीदार बनाना है।
अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाने की योजना को भी मंजूरी
एलन मस्क की यह घोषणा ऐसे समय आई है, जब अमेरिका के संघीय संचार आयोग (FCC) ने स्पेसएक्स को अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 10 लाख तक उपग्रह तैनात करने की अनुमति दी है। कंपनी का कहना है कि इन उपग्रहों में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल कर अंतरिक्ष में कंप्यूटिंग सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। इससे भविष्य में एआई से जुड़ी बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।
हालांकि, अंतरिक्ष में बड़ी संख्या में उपग्रह भेजने की योजना को लेकर खगोलविदों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे अंतरिक्ष अनुसंधान और रात के आकाश के अवलोकन पर असर पड़ सकता है।
