तीसरी तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार मजबूत, घरेलू मांग और निजी निवेश से मिलेगा सहारा; महंगाई बढ़ने का खतरा

नई दिल्ली: भारतीय अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही में मजबूत स्थिति के साथ आगे बढ़ रही है। वित्त मंत्रालय की नवंबर की मासिक आर्थिक समीक्षा के अनुसार, घरेलू मांग, निजी निवेश में क्रमिक वृद्धि और विनिर्माण क्षेत्र को मिल रहे नीतिगत समर्थन से आर्थिक गतिविधियों में तेजी बनी हुई है। मंत्रालय ने उम्मीद जताई है कि आने वाले महीनों में भी अर्थव्यवस्था की यह गति बरकरार रहेगी।

हालांकि, रिपोर्ट में महंगाई को लेकर चिंता भी जताई गई है। प्रतिकूल आधार प्रभाव, मौसम संबंधी अनिश्चितताओं और संभावित अल नीनो के कारण निकट भविष्य में महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है। इसके अलावा त्योहारों और शादी के मौसम में खाद्य एवं गैर-खाद्य वस्तुओं की मांग बढ़ने से भी कीमतों में तेजी आने की आशंका है।

ई-वे बिल और जीएसटी संग्रह में बढ़ोतरी

वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर में ई-वे बिल, जीएसटी संग्रह, बिजली की खपत और माल ढुलाई में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोग की मांग मजबूत बनी हुई है। वाहन बिक्री के आंकड़े भी घरेलू मांग में निरंतर मजबूती के संकेत दे रहे हैं।

औद्योगिक उत्पादन में 6.7 प्रतिशत की वृद्धि

औद्योगिक क्षेत्र में सितंबर के दौरान औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में 6.7 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई। इसमें विनिर्माण क्षेत्र की प्रमुख भूमिका रही। अक्टूबर में भी विनिर्माण गतिविधियां विस्तार के दायरे में बनी रहीं। उद्योगों को बैंक ऋण मिलने में मजबूती आई और इस्पात की खपत में भी अच्छी वृद्धि दर्ज की गई।

आठ प्रमुख उद्योगों के सूचकांक में अक्टूबर 2026 में 10.9 प्रतिशत की सालाना वृद्धि हुई। वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026-27 के दौरान इन उद्योगों की संचयी वृद्धि 6 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 2.3 प्रतिशत था।

निर्यात और विदेशी मुद्रा भंडार से मजबूती

रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक व्यापारिक चुनौतियों के बावजूद भारत का बाहरी क्षेत्र मजबूत बना हुआ है। अक्टूबर में वस्तुओं का निर्यात सालाना आधार पर 45 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 49.5 अरब डॉलर पर पहुंच गया। सेवाओं के व्यापार में भी मजबूत अधिशेष दर्ज किया गया।

13 नवंबर तक देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 705.3 अरब डॉलर हो गया था। यह लगभग 10 महीने के आयात की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से अक्टूबर के दौरान देश का भुगतान संतुलन भी अधिशेष में रहा।

महंगाई पर क्यों बढ़ सकती है चिंता?

वित्त मंत्रालय ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहने और रुपये में मजबूती जारी रहने से आयातित महंगाई को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक व्यापार नीतियों को लेकर अनिश्चितता अर्थव्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में श्रम बाजार की स्थिति मजबूत रही। श्रम बल भागीदारी दर में वृद्धि हुई और बेरोजगारी दर में कमी दर्ज की गई। नियमित वेतनभोगी रोजगार के साथ विनिर्माण और अन्य द्वितीयक क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के संकेत मिले हैं।

वित्त मंत्रालय का मानना है कि मजबूत घरेलू आर्थिक बुनियाद, पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार और नीतिगत समर्थन के चलते भारत वैश्विक चुनौतियों के बावजूद विकास की गति बनाए रखने में सक्षम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *