भाजपा ने परिसीमन विधेयक को बताया महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम, 2029 के चुनाव में 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता होगा साफ

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने परिसीमन विधेयक को देश में समावेशी लोकतंत्र को मजबूत करने और महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में अधिक प्रभावशाली भूमिका देने की दिशा में निर्णायक पहल बताया है। पार्टी का कहना है कि यह विधेयक केवल विधायी सुधार नहीं, बल्कि महिलाओं को उनका उचित राजनीतिक अधिकार और प्रतिनिधित्व दिलाने की प्रतिबद्धता है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि महिला सशक्तीकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी राजनीतिक दल दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करेंगे, ताकि महिलाएं नीति निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि उनकी सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इसका विरोध करने वाले दल भी महिला आरक्षण के रास्ते में बाधा नहीं बन पाएंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सभी राजनीतिक दलों से संविधान (132वां संशोधन) विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधित्व में महिलाओं को मजबूत भूमिका देना मोदी सरकार की प्रतिबद्धता रही है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद देश की महिलाओं का लंबे समय से प्रतीक्षित सपना पूरा होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं के अधिकारों और सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वह महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करेंगे। महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी से भारतीय लोकतंत्र और अधिक मजबूत तथा समावेशी बनेगा।

भाजपा की राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाएं नीति निर्माण और देश के भविष्य को आकार देने में निर्णायक भूमिका निभाने जा रही हैं।

पार्टी के अनुसार, प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के तहत राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। इससे संसद में प्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ेगा और 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *