नई दिल्ली: परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर गलत जानकारी फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के लिए बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास झूठ बोलने में डॉक्टरेट नहीं, बल्कि सुपर-डॉक्टरेट है।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी को पूरी तरह हताश राजनीतिक नेता बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने की जल्दबाजी में राहुल गांधी बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं और देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के 2024 के लोकसभा चुनाव में 14 करोड़ फर्जी मतदाताओं के दावे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में शामिल आंकड़ों को फर्जी मतदाता बताना सही नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इनमें 2.8 करोड़ मृत मतदाता, 6.3 करोड़ दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके लोग, एक करोड़ दोहरी प्रविष्टियां और तीन करोड़ अनुपस्थित मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे स्थान पर जा चुके लोगों ने वहां अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया हो सकता है।
भाजपा नेता ने लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ से अधिक आबादी वाले भारत में संसद में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने ब्रिटेन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की आबादी भारत की तुलना में बहुत कम है, लेकिन हाउस ऑफ कॉमन्स में 650 सदस्य हैं।
प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के दौरान भी तीन बार परिसीमन हुआ था। तब क्या देश में तानाशाही आ गई थी? उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर पलटवार किया।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से विधेयक का समर्थन करने की अपील की। साथ ही आरोप लगाया कि राहुल गांधी महिला सशक्तीकरण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का विरोध कर रहे हैं।
दरअसल, राहुल गांधी ने इससे पहले आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए देश का चुनावी नक्शा अपने राजनीतिक फायदे के अनुसार बदलना चाहती है। उन्होंने लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए कहा था कि इससे सत्तारूढ़ भाजपा को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय करने का बड़ा अवसर मिल सकता है।
राहुल गांधी का कहना है कि महिला आरक्षण कानून पहले ही पारित हो चुका है और इसे लागू करने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ने की जरूरत नहीं है। उन्होंने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना पर भी सवाल उठाए हैं।
