झारखंड में भीषण सड़क हादसा, राजरप्पा मंदिर जा रहे 13 श्रद्धालुओं की मौत, चार बच्चे और चार महिलाएं शामिल

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर रविवार तड़के भीषण सड़क हादसे में 13 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब दो बजे कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी स्थित भाजपा कार्यालय के पास हुआ। श्रद्धालुओं से भरी एसयूवी (स्कॉर्पियो) अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे।

सभी श्रद्धालु बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के निवासी थे और झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहन से लोगों को बाहर निकालने और घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बाद में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है। फिलहाल दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *