सीएटीसी-72 एनसीसी शिविर में 550 कैडेटों को मिला सैन्य प्रशिक्षण

  सीएटीसी-72 एनसीसी शिविर में 550 कैडेटों को मिला सैन्य प्रशिक्षण
– ड्रिल, फायरिंग व फिजिकल ट्रेनिंग के जरिए सिखाए अनुशासन व देशसेवा के गुर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय में आयोजित सीएटीसी-72 एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में शनिवार को करीब 550 कैडेटों को शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, फायरिंग और सैन्य गतिविधियों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रतापगढ़, फतेहपुर, बांदा सहित विभिन्न जनपदों से आए कैडेटों ने प्रशिक्षण में हिस्सा लेकर सैन्य गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना है।
कमांडिंग ऑफिसर ब्रिजेश पाठानिया के नेतृत्व में संचालित प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों को सैन्य अनुशासन, शारीरिक दक्षता और देश के प्रति अपने कर्तव्यों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान फिजिकल ट्रेनिंग के माध्यम से कैडेटों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया, जबकि ड्रिल के जरिए एकरूपता, टीम भावना और आदेशों का पालन करने का अभ्यास कराया गया। फायरिंग प्रशिक्षण के दौरान संबंधित प्रक्रियाओं और सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सैन्य जानकारी देकर कैडेटों को सेना की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और राष्ट्र के प्रति समर्पण के महत्व से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण गतिविधियां कर्नल योगेंद्र चिनवान, सूबेदार दिवाकर सिंह, सूबेदार रामचंद्र भवड़िया, हवलदार सुनील सिंह, हवलदार प्रकाश सिंह, हवलदार संदीप व हवलदार उदय सिंह की निगरानी में संचालित की गईं। शिविर में विभिन्न जनपदों से पहुंचे कैडेट पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। एनसीसी प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का जज्बा विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश की सेवा में अपना योगदान दे सकें।
—————————————— 

 विशाल अजगर ने नीलगाय के बच्चे को निगला
– अजगर को पकड़ने में जुटी वन विभाग की टीम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में शनिवार को धान के खेत में विशाल अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के मुताबिक अजगर ने नीलगाय के एक बच्चे को निगल लिया। खेत में इतने बड़े अजगर की मौजूदगी की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और लोग खेत की ओर जाने से बचने लगे।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेने के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। टीम अजगर को सावधानीपूर्वक पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने के प्रयास में जुटी है। वहीं, अजगर को देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर आबादी से दूर ले जाने की मांग की है। धान के खेत में विशाल अजगर मिलने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *