दर्पण डैशबोर्ड रैंकिंग में पुलिस का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में 12 वां स्थान हासिल
दर्पण डैशबोर्ड रैंकिंग में पुलिस का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में 12 वां स्थान हासिल
दर्पण डैशबोर्ड रैंकिंग में पुलिस का शानदार प्रदर्शन – प्रयागराज परिक्षेत्र में दूसरा व प्रदेश में 12 वां स्थान हासिल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा पुलिस विभाग के कार्यों की समीक्षा के लिए जारी की जाने वाली दर्पण डैशबोर्ड रैंकिंग में पुलिस ने शानदार प्रदर्शन किया है। बीते माह सितंबर में किए गए कार्यों के आधार पर जारी रैंकिंग में जनपद को प्रयागराज परिक्षेत्र में द्वितीय स्थान व प्रदेश स्तर पर 12 वां स्थान प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से प्रत्येक माह के अंत में दर्पण डैशबोर्ड के माध्यम से पुलिस विभाग के कार्यों की समीक्षा की जाती है। इसमें 50 विभिन्न शीर्षकों के अंतर्गत जनपदों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है। रैंकिंग में सीसीटीएनएस, डायल-112, महिला अपराध, एससी/एसटी अपराध, आईजीआरएस, विवेचना, गिरफ्तारी सहित पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़ी विभिन्न श्रेणियों को शामिल किया जाता है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना व अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि सितंबर माह की दर्पण डैशबोर्ड रैंकिंग में फतेहपुर पुलिस ने प्रदेश स्तर पर बेहतर स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग में उत्साह है। अधिकारियों ने इसे जनपद पुलिस के सामूहिक प्रयास, बेहतर कार्यप्रणाली और जनता की शिकायतों के प्रति तत्परता का परिणाम बताया। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी पुलिसिंग की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने व आमजन को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। ———————————————
नशे में कलयुगी बेटे ने मां की ईंट-पत्थर से की हत्या – दिलावलपुर गांव में वारदात से सनसनी, घटनास्थल पहुंचे सीओ बिंदकी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में शनिवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। नशे की हालत में छोटे बेटे ने कथित तौर पर अपनी वृद्ध मां के सिर पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मां की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस आरोपी बेटे की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार दिलावलपुर गांव निवासी सावित्री देवी (65) पत्नी स्वर्गीय शिवचरण पटेल अपने पुत्रों के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि शनिवार को छोटे पुत्र राजू पटेल ने कथित तौर पर नशे की हालत में किसी बात को लेकर मां से विवाद किया। विवाद बढ़ने पर उसने ईंट-पत्थर से उनके सिर पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से सावित्री देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मां की हत्या की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। जिस बेटे को मां ने बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी पर मां की हत्या का आरोप लगने से ग्रामीण स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना पर बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। सीओ बिंदकी प्रयांक जैन भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी राजू पटेल की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ——————————————-
विद्युत कैंप में जमा कराया बकाया बिल – संशोधन के लिए भेजी रिपोर्ट एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज गाजीपुर, फतेहपुर। विद्युत विभाग की ओर से बकायेदार उपभोक्ताओं को राहत देने और राजस्व वसूली के उद्देश्य से 33/11 केवी उपकेंद्र दतौली के अंतर्गत देवगांव में कैंप लगाया गया। शनिवार को आयोजित कैंप में उपभोक्ताओं से विद्युत बकाया जमा कराया गया। वहीं, जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में गड़बड़ी पाई गई, उनके बिलों की जांच कर रिपोर्ट तैयार की गई और संशोधन के लिए उपखंड अधिकारी को भेजी गई, ताकि बिल सही होने के बाद उपभोक्ता आसानी से अपना बकाया जमा कर सकें।
अवर अभियंता धीरेंद्र सिंह के निर्देशन में आयोजित कैंप के दौरान विद्युत कर्मियों ने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं और बिलों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की। खराब बिलों के संबंध में रिपोर्ट भेजे जाने से उपभोक्ताओं को संशोधित बिल के आधार पर भुगतान करने में सुविधा मिलेगी। विभाग की टीम ने बकाया जमा कराने के साथ ही उपभोक्ताओं को समय से बिजली बिलों का भुगतान करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान शिवभवन तिवारी, शिवम मीटर रीडर, बहादुर, शिवम पटेल, अमित पटेल, मौजी लाल, राधे मीटर रीडर और प्रदीप सहित विद्युत विभाग की टीम मौजूद रही।