24 साल की सियासत के बाद नई पारी, अशरफ को मिली प्रदेश की जिम्मेदारी
– लोजपा से औपचारिक विदाई लेकर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी में शामिल हुए वरिष्ठ नेता
– बनाए गए प्रदेश प्रधान महासचिव, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का लिया संकल्प
फोटो परिचय- नवमनोनीत प्रदेश प्रधान महासचिव अशरफ खान।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय और अपने संघर्षशील तेवरों के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ नेता अशरफ खान ने राजनीतिक जीवन में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव तय किया है। करीब 24 वर्षों तक लोक जनशक्ति पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने के बाद उन्होंने पार्टी के सभी पदों और आजीवन सदस्यता से औपचारिक रूप से त्यागपत्र देकर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी का दामन थाम लिया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और सक्रियता को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रधान महासचिव मनोनीत किया है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अशरफ खान ने स्पष्ट किया कि उनका राजनीतिक उद्देश्य किसी पद या चुनावी टिकट की लालसा नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष करना है। उन्होंने कहा कि राजनीति में उन्होंने हमेशा एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम किया है और जिस संगठन में रहे, उसकी नीतियों और विचारधारा के प्रति पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई है। अशरफ खान ने कहा कि उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सभी पदों एवं आजीवन सदस्यता से औपचारिक त्यागपत्र दे दिया है। अब पूर्व पार्टी से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस, कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रिंस राज पासवान तथा उत्तर प्रदेश संयोजक शिवमोहन शिल्पकार की नीतियों, दिशा-निर्देशों और संगठनात्मक सोच से प्रभावित होकर उन्होंने नई पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने उन्हें प्रदेश प्रधान महासचिव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह इस दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ करेंगे तथा पार्टी संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले और प्रत्येक बूथ तक मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।




